ब्रुकलिन अस्पताल में पुलिस ने धारदार हथियार लहराते व्यक्ति को किया ढेर
ब्रुकलिन अस्पताल में हुई गोलीबारी की घटना
न्यूयॉर्क शहर के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को ब्रुकलिन के एक अस्पताल में एक व्यक्ति को गोली मारकर ढेर कर दिया, जो एक धारदार हथियार लहराते हुए खुद को कमरे में बंद कर लिया था। सहायक पुलिस प्रमुख चार्ल्स मिंच ने जानकारी दी कि यह घटना शाम करीब साढ़े पांच बजे ‘न्यूयॉर्क-प्रेस्बिटेरियन ब्रुकलिन मेथोडिस्ट हॉस्पिटल’ में हुई।
मिंच के अनुसार, जब पुलिसकर्मी अस्पताल की आठवीं मंजिल पर पहुंचे, तो उन्हें एक व्यक्ति दिखाई दिया जो धारदार हथियार के साथ मौजूद था और कमरे में खून के धब्बे थे। उन्होंने बताया कि वह व्यक्ति दो अन्य लोगों के साथ कमरे में बंद था, जिसमें एक बुजुर्ग मरीज और अस्पताल का एक सुरक्षा कर्मचारी शामिल था। वह खुद को और दूसरों को नुकसान पहुंचाने की धमकी दे रहा था।
पुलिसकर्मियों ने तीन मिनट से अधिक समय तक उसे हथियार छोड़ने और दरवाजा खोलने के लिए कहा, लेकिन उसने इनकार कर दिया। मिंच ने बताया कि जब वह व्यक्ति हथियार के साथ पुलिसकर्मियों की ओर दौड़ा, तो उन्होंने गोली चला दी। मिंच ने उस व्यक्ति की पहचान नहीं बताई, लेकिन यह बताया कि उसे एक दिन पहले ही अस्पताल में भर्ती किया गया था।
