रबी अभियान 2025 के लिए नई दिल्ली में राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन का उद्घाटन

राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन का शुभारंभ
नई दिल्ली: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने आज पूसा, नई दिल्ली में रबी अभियान 2025 के लिए दो दिवसीय राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस सम्मेलन का मुख्य विषय 'एक राष्ट्र-एक कृषि-एक टीम' है, जो कृषि क्षेत्र में समन्वय और साझेदारी को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में पहली बार यह रबी कॉन्फ्रेंस दो दिन तक आयोजित की जा रही है।
शिवराज सिंह ने सम्मेलन में कहा कि भारत में खाद्यान्न, फल और सब्जियों की कमी नहीं होने दी जाएगी और देश को विश्व की खाद्य आपूर्ति का केंद्र बनाया जाएगा। उन्होंने देशभर के वरिष्ठ कृषि अधिकारियों के साथ संवाद करते हुए उन्हें मार्गदर्शन प्रदान किया। पहले दिन के संबोधन में उन्होंने बताया कि किसानों और वैज्ञानिकों की मेहनत और सरकार की किसान हितैषी नीतियों के कारण कृषि की वृद्धि दर 3.7 प्रतिशत है, जो वैश्विक स्तर पर सबसे अधिक है।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य और केंद्र सरकार एकजुट हैं; देश, जनता और किसानों के हित सर्वोपरि हैं, जिसके लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। शिवराज सिंह ने किसानों के उत्थान पर जोर देते हुए कहा कि हमें कृषि क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने का अवसर मिला है। उन्होंने नकली खाद, बीज और कीटनाशकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की आवश्यकता पर भी बल दिया और स्पष्ट किया कि किसानों का शोषण नहीं होने दिया जाएगा।
कृषि प्रसार के महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के साथ मिलकर सभी राज्य कृषि विभाग, कृषि विश्वविद्यालय, कृषि विज्ञान केंद्र और अन्य संगठनों को ठोस कार्यक्रम और रणनीतियाँ बनाकर जमीनी स्तर पर तेजी से कार्य करना चाहिए।