दीघा बीच पर महिला की जान बचाने के लिए बनी मानव श्रृंखला, वीडियो हुआ वायरल
कोलकाता में समुद्र के किनारे का दिल दहला देने वाला दृश्य
कोलकाता: पश्चिम बंगाल हमेशा से राजनीतिक घटनाक्रमों के लिए चर्चित रहा है, लेकिन इस बार एक वीडियो ने सबका ध्यान खींचा है। इस वीडियो में एक परिवार, विशेषकर एक महिला के रेस्क्यू के क्षणों को दर्शाया गया है, जब स्थिति बेहद गंभीर हो गई थी। लोगों की एकजुटता ने कई जिंदगियों को बचा लिया। दीघा बीच का यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर फैल रहा है।
समुद्र में मस्ती ने लिया गंभीर मोड़
यह वीडियो बिश्वजीत गिरी द्वारा साझा किया गया है, जिसमें एक परिवार दीघा बीच पर लहरों के साथ मस्ती कर रहा है। अचानक समुद्र का मिजाज बदल गया और लहरें इतनी ऊंची और तेज हो गईं कि जान पर बन आई।
महिला की जान बचाने के लिए बनी मानव श्रृंखला
परिवार के अन्य सदस्य एक-दूसरे को संभालते हुए सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए, लेकिन एक महिला लहरों के बीच फंस गई। कुछ ही क्षणों में मस्ती खतरनाक स्थिति में बदल गई।
महिला को बचाने के लिए कई प्रयास किए गए, लेकिन तेज लहरों के सामने सभी असहाय थे। मदद के लिए आए लोग भी बहने लगे। तभी वहां मौजूद लोगों ने एकजुटता दिखाई और 'ह्यूमन चेन' बना ली।
एक-दूसरे का हाथ थामे लोग धीरे-धीरे महिला तक पहुंचे और अंततः मानव श्रृंखला की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अगर लोग एकजुट नहीं होते, तो यह हादसा और भी गंभीर हो सकता था।
महिला का वजन बना रुकावट
सूत्रों के अनुसार, महिला अपने भारी वजन के कारण खुद को नहीं उठा पा रही थी। लहरों का दबाव और रेत में धंसते पैर ने स्थिति को और भी कठिन बना दिया। रेस्क्यू के बाद महिला सुरक्षित है, लेकिन अब सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल किया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं
वीडियो वायरल होने के बाद कमेंट्स की बाढ़ आ गई। एक यूजर ने लिखा, "एक्सरसाइज करो यार।" दूसरे ने कहा, "भगवान ने इशारा किया है, संभल जाओ।" वहीं एक यूजर ने लोगों की तारीफ करते हुए लिखा, "क्या सर्वाइविंग स्किल है, ह्यूमन चेन ने कमाल कर दिया।"
यह घटना हमें याद दिलाती है कि समुद्र की लहरें कब रौद्र रूप ले लें, कहा नहीं जा सकता। मस्ती के बीच सतर्क रहना और दूसरों की मदद के लिए आगे आना ही सबसे बड़ी इंसानियत है।
