महाराजा एक्सप्रेस: भारत की लग्जरी ट्रेन में सफर का अनोखा अनुभव
शाही सफर का अनुभव
नई दिल्ली: यदि आप भारत में एक भव्य यात्रा का अनुभव करना चाहते हैं, तो महाराजा एक्सप्रेस ट्रेन का सफर किसी महल में ठहरने से कम नहीं है। यह लग्जरी ट्रेन भारतीय रेलवे द्वारा संचालित है और यात्रियों को शानदार कमरे, बेहतरीन रेस्तरां और विशेष सुविधाओं के साथ देश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर से परिचित कराती है। इस ट्रेन में यात्रा का खर्च लाखों रुपये तक पहुंच सकता है। इसमें डीलक्स केबिन से लेकर प्रेसिडेंशियल सुइट तक के विकल्प उपलब्ध हैं, जो यात्रा को यादगार बनाते हैं।
आवास के विकल्प
महाराजा एक्सप्रेस में यात्रियों के लिए चार प्रकार के आवास उपलब्ध हैं: डीलक्स केबिन, जूनियर सुइट, सुइट और प्रेसिडेंशियल सुइट। ट्रेन में पांच डिब्बे डीलक्स केबिन के लिए, छह जूनियर सुइट, दो सुइट और एक प्रेसिडेंशियल सुइट निर्धारित हैं। सभी केबिन में बड़ी खिड़कियां और एयर कंडीशनिंग की सुविधा है। इसके अलावा, LCD टीवी, DVD प्लेयर, टेलीफोन और इंटरनेट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
विशेष रेस्तरां
ट्रेन में हैं दो आलीशान रेस्तरां
महाराजा एक्सप्रेस में यात्रियों के लिए दो विशेष रेस्तरां हैं। पहला 'मयूर महल' है, जो भारत के राष्ट्रीय पक्षी मोर के नाम पर रखा गया है। दूसरा रेस्तरां 'रंग महल' कहलाता है, जिसकी छत पर हाथ से बनाई गई रंगीन कलाकृतियां इसे और भी आकर्षक बनाती हैं। दोनों रेस्तरां में एक साथ 42 मेहमान भोजन कर सकते हैं, और यहां दो और चार लोगों के बैठने की व्यवस्था भी है।
सुइट की सुविधाएं
सुइट में मिलेगा होटल जैसा आराम
ट्रेन के सुइट लगभग 220 वर्ग फीट के होते हैं। इनमें डबल बेड, आरामदायक कुर्सियां, सामान रखने की जगह, अलमारी, गर्म और ठंडे पानी वाला शॉवर, वाई-फाई, इंटरकॉम और एयर कंडीशनिंग जैसी सुविधाएं शामिल हैं। सुरक्षा के लिए स्मोक अलार्म और RFID डोर लॉक भी उपलब्ध हैं। हर कोच में मिनी पेंट्री और यात्रियों की सहायता के लिए वैलेट सेवा भी है।
यात्रा पैकेज और किराया
महाराजा एक्सप्रेस का रूट और किराया
महाराजा एक्सप्रेस के चार प्रमुख टूर पैकेज हैं: 'हेरिटेज ऑफ इंडिया', 'इंडियन पैनोरमा', 'इंडियन स्प्लेंडर' (छह रात और सात दिन) और 'ट्रेजर्स ऑफ इंडिया' (चार दिन और तीन रात)। इन यात्राओं में दिल्ली, आगरा, जयपुर, उदयपुर, जोधपुर, रणथंभौर और वाराणसी जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों को शामिल किया जाता है। किराया पैकेज, केबिन और यात्रा की तारीख पर निर्भर करता है। उदाहरण के लिए, 13 दिसंबर 2026 के हेरिटेज ऑफ इंडिया पैकेज में डीलक्स केबिन का किराया 15,76,575 रुपये, सुइट का 31,94,100 रुपये और प्रेसिडेंशियल सुइट का 54,87,300 रुपये है। ये आंकड़े 2027-28 के लिए हैं; बुकिंग से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर कीमत की पुष्टि करें।
बुकिंग प्रक्रिया
ऐसे करें बुकिंग, इन बातों का रखें ध्यान
महाराजा एक्सप्रेस की टिकट IRCTC के कार्यालयों, अधिकृत एजेंटों या आधिकारिक वेबसाइट the-maharajas.com से बुक की जा सकती है। ऑनलाइन बुकिंग के लिए यात्रा पैकेज, तारीख और केबिन चुनकर यात्रियों की जानकारी भरनी होती है। इसके बाद भुगतान करके टिकट डाउनलोड किया जा सकता है।
यात्रा से पहले अपनी जरूरी दवाएं साथ रखें और किसी बीमारी, खाद्य एलर्जी या खास खानपान की जरूरत के बारे में बुकिंग के समय जानकारी दें। विदेशी यात्रियों को टीकाकरण संबंधी नियम भी जांचने चाहिए। मुंबई और दिल्ली में प्रस्थान से कम से कम एक घंटे पहले चेक-इन करना आवश्यक है। दिसंबर और जनवरी में उत्तर भारत में कोहरे के कारण ट्रेन की यात्रा प्रभावित हो सकती है, इसलिए आगे के सफर के लिए पर्याप्त समय रखें।
