क्या आपके अंक ज्योतिष के अनुसार ये तारीखें हैं आपके लिए शुभ? जानें मूलांक 1 से 9 तक के लिए खास दिन
धर्म डेस्क
जीवन में सफलता पाने के लिए मेहनत, समर्पण और सही योजना बनाना आवश्यक होता है। भारतीय संस्कृति में नए कार्य की शुरुआत से पहले शुभ दिन और समय का चयन करने की परंपरा रही है। इसलिए, लोग व्यापार शुरू करने, नौकरी में शामिल होने, संपत्ति खरीदने या नए प्रोजेक्ट की शुरुआत से पहले ज्योतिषीय सलाह लेना पसंद करते हैं। अंक ज्योतिष भी जन्मतिथि के आधार पर कुछ विशेष तिथियों को अनुकूल बताता है।
मूलांक और शुभ तिथियाँ
अंक ज्योतिष के अनुसार, हर व्यक्ति की जन्मतिथि से उसका मूलांक निकाला जाता है। यह माना जाता है कि प्रत्येक मूलांक का संबंध किसी विशेष ग्रह से होता है, जो व्यक्ति के स्वभाव, पसंद और कार्यक्षमता को प्रभावित करता है। मूलांक के अनुकूल तिथि पर नया कार्य आरंभ करने से सकारात्मक ऊर्जा और आत्मविश्वास मिलता है। आइए जानते हैं मूलांक 1 से 9 तक के लोगों के लिए कौन सी तिथियाँ शुभ मानी जाती हैं।
मूलांक 1 : नेतृत्व और नई शुरुआत का प्रतीक
मूलांक 1 का संबंध सूर्य से है। इस श्रेणी में 1, 10, 19 और 28 तारीख को जन्मे लोग आते हैं। ऐसे जातकों को नया कार्य आरंभ करने के लिए 1, 2, 3, 5 और 9 तारीखें चुनने की सलाह दी जाती है। ये तिथियाँ उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने में सहायक होती हैं।
मूलांक 2 : इन तारीखों को दें प्राथमिकता
मूलांक 2 का संबंध चंद्रमा से है। 2, 11, 20 और 29 तारीख को जन्मे लोग इस श्रेणी में आते हैं। इनके लिए 1, 2, 3 और 5 तारीखें अनुकूल मानी जाती हैं। यदि ये लोग नए व्यवसाय या साझेदारी की योजना बना रहे हैं, तो इन तिथियों पर शुरुआत करना फायदेमंद हो सकता है।
मूलांक 3 : इन पांच तारीखों का है महत्व
3, 12, 21 और 30 तारीख को जन्मे लोगों का मूलांक 3 होता है, जो बृहस्पति ग्रह से संबंधित है। अंक ज्योतिष के अनुसार, इन लोगों के लिए 1, 3, 5, 7 और 9 तारीखें शुभ मानी जाती हैं। शिक्षा और व्यापार से जुड़े कार्यों के लिए इन तिथियों को प्राथमिकता दी जा सकती है।
मूलांक 4 : पांच, छह और आठ तारीख पर करें विचार
4, 13, 22 और 31 तारीख को जन्मे लोगों का मूलांक 4 होता है, जो राहु से संबंधित है। इनके लिए 5, 6 और 8 तारीखें अनुकूल बताई गई हैं। नया कार्य शुरू करने या पुरानी योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए इन तिथियों का चयन किया जा सकता है।
मूलांक 5 : इन तारीखों को माना जाता है बेहतर
5, 14 और 23 तारीख को जन्मे जातकों का मूलांक 5 होता है, जो बुध ग्रह से संबंधित है। अंक ज्योतिष की मान्यताओं के अनुसार, 1, 5 और 6 तारीखें इनके लिए विशेष रूप से अनुकूल रहती हैं। व्यापार और नए व्यावसायिक प्रयासों की शुरुआत के लिए इन तिथियों पर विचार किया जा सकता है।
मूलांक 6 : आठ तारीख भी मानी जाती है अनुकूल
6, 15 और 24 तारीख को जन्मे लोगों का मूलांक 6 होता है, जो शुक्र ग्रह से संबंधित है। इनके लिए 5, 6 और 8 तारीखें शुभ बताई गई हैं। नई व्यावसायिक योजनाओं या महत्वपूर्ण कार्यों की शुरुआत के लिए ये तिथियाँ चुनी जा सकती हैं।
मूलांक 7 : एक, तीन, पांच और सात तारीख पर दें ध्यान
7, 16 और 25 तारीख को जन्मे लोगों का मूलांक 7 होता है, जो केतु से संबंधित है। इनके लिए 1, 3, 5 और 7 तारीखें अनुकूल मानी गई हैं।
मूलांक 8 : मेहनत के साथ सही योजना भी जरूरी
8, 17 और 26 तारीख को जन्मे जातक मूलांक 8 की श्रेणी में आते हैं, जो शनि ग्रह से संबंधित है। इनके लिए 5, 6 और 8 तारीखें शुभ बताई गई हैं।
मूलांक 9 : नई योजनाओं के लिए ये तारीखें चुनें
9, 18 और 27 तारीख को जन्मे लोगों का मूलांक 9 होता है, जो मंगल ग्रह से संबंधित है। इनके लिए 1, 3, 5 और 9 तारीखें अनुकूल मानी गई हैं।
