ऑपरेशन सिंदूर: शहीद जवानों के नाम पहली बार सार्वजनिक
शहीद जवानों का सम्मान
नई दिल्ली। पिछले वर्ष ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शहीद हुए भारतीय सशस्त्र बलों के छह जवानों के नाम पहली बार आधिकारिक रूप से जारी किए गए हैं। इन नामों को राष्ट्रीय युद्ध स्मारक की वेबसाइट पर 'रोल ऑफ ऑनर' में शामिल किया गया है। इंडिया गेट के निकट स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक की थ्री डी वॉल पर भी 2025 के खंड में उनके नाम अंकित किए गए हैं।
इन शहीदों में पांच थल सेना के और एक वायु सेना का जवान शामिल है। थल सेना के शहीदों में लांस नायक दिनेश कुमार, एविएटर एम मुरलीनायक, सूबेदार मेजर पवन कुमार, राइफलमैन सुनील कुमार और हवलदार सुनील कुमार सिंह का नाम है। वायु सेना के शहीद जवान का नाम सार्जेंट सुरेंद्र कुमार है, जिन्हें वायु सेना पदक से सम्मानित किया गया है, जबकि राइफलमैन सुनील कुमार को वीर चक्र से नवाजा गया है।
राष्ट्रीय युद्ध स्मारक के त्याग चक्र में गोल ग्रेनाइट की 16 दीवारें हैं, जिन पर आजादी के बाद से देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले सभी सैनिकों के नाम, रैंक और यूनिट अंकित हैं। इनमें ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शहीद हुए जवानों के नाम भी शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि 22 अप्रैल को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में एक आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की हत्या कर दी गई थी।
इसके बाद भारतीय सेना ने छह और सात मई की रात को पाक अधिकृत कश्मीर में आतंकियों के ठिकानों पर हमला किया। जैश ए मोहम्मद और लश्कर ए तैयबा से जुड़े नौ आतंकवादी ठिकानों पर सटीक हमले किए गए थे। भारत सरकार ने बताया कि इन हमलों में एक सौ से अधिक आतंकियों को मार गिराया गया। भारतीय सेना ने पाकिस्तान के एयर डिफेंस सिस्टम और कई सैन्य ठिकानों को भी नष्ट किया। 10 मई को भारत और पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशकों के बीच बातचीत के बाद दोनों देशों ने सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति जताई।
