टोयोटा हाइराइडर एयरो ब्लैक एडिशन: स्पोर्टी लुक के साथ नया स्टाइलिंग पैकेज
टोयोटा हाइराइडर एयरो ब्लैक स्टाइलिंग पैक
टोयोटा हाइराइडर एयरो ब्लैक एडिशन: टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने अपनी मिडसाइज SUV को एक स्पोर्टी लुक देने के लिए नया 'एरो ब्लैक एडिशन' पेश किया है। यह एक नया वैरिएंट नहीं है, बल्कि एक डीलर-फिटेड स्टाइलिंग पैकेज है, जिसकी कीमत 31,999 रुपये है और यह सीमित समय के लिए उपलब्ध है। यह पैकेज 'नियो ड्राइव' और 'स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड' दोनों वर्जन के G और V वैरिएंट्स के लिए 'मिडनाइट ब्लैक' रंग में उपलब्ध है।
कॉस्मेटिक अपग्रेड पर ध्यान
हाइराइडर के लिए 'एरो ब्लैक एडिशन' स्टाइलिंग पैकेज पूरी तरह से कॉस्मेटिक अपग्रेड पर केंद्रित है। यह पैकेज SUV को काले रंग की एक्सटीरियर्स के साथ एक आक्रामक लुक प्रदान करता है। इसमें फ्रंट ग्रिल का ऊपरी हिस्सा, फ्रंट स्पॉइलर, हेडलैंप गार्निश, टेलगेट गार्निश, रियर स्पॉइलर और एक विशेष 'एरो ब्लैक' लिमिटेड एडिशन बैज शामिल हैं।

स्पोर्टी और डार्क लुक
ये सभी तत्व मिलकर हाइराइडर के मौजूदा डिजाइन को एक डार्क और स्पोर्टी लुक प्रदान करते हैं। जो ग्राहक अपनी कार को और अधिक कस्टमाइज करना चाहते हैं, उनके लिए टोयोटा डीलर-लेवल पर एक वैकल्पिक 'ऑल ब्लैक पैकेज' भी उपलब्ध करवा रही है, जिसके लिए अतिरिक्त शुल्क देना होगा। 'एरो ब्लैक एडिशन' सीमित समय के लिए उपलब्ध है और स्टॉक खत्म होने तक ही मिलेगा।
इंजन में कोई परिवर्तन नहीं
कार के इंजन में कोई बदलाव नहीं किया गया है। मैकेनिकल रूप से, अर्बन क्रूजर हाइराइडर वैसा ही है।
- ग्राहक मौजूदा 'नियो ड्राइव' माइल्ड-हाइब्रिड पेट्रोल और 'स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड' पावरट्रेन में से चुन सकते हैं।
- 'स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड' वर्जन में 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर और ई-ड्राइव ट्रांसमिशन मिलता है, जो 27.97 किलोमीटर प्रति लीटर की माइलेज देता है।
- नियो ड्राइव रेंज में 1.5-लीटर K-सीरीज पेट्रोल इंजन है, जो मैन्युअल और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन विकल्पों के साथ आता है। टोयोटा कुछ नियो ड्राइव वेरिएंट्स के साथ 4WD का विकल्प भी देती है।
कीमतें
- पेट्रोल वेरिएंट की कीमत 11.31 लाख रुपये से 17.87 लाख रुपये के बीच है।
- हाइब्रिड वेरिएंट की कीमत 17.18 लाख रुपये से 20.19 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है।
फीचर्स में कोई बदलाव नहीं
- यह केवल एक स्टाइलिंग पैकेज है, इसलिए इसमें मिलने वाले फीचर्स स्टैंडर्ड हाइराइडर जैसे ही हैं।
- मुख्य फीचर्स में LED DRLs, 17-इंच अलॉय व्हील्स, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, पैनोरमिक सनरूफ शामिल हैं।
- इसके अलावा, वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay के साथ 9-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस चार्जर, एम्बिएंट लाइटिंग और 360-डिग्री कैमरा भी मिलता है।
- पिछली सीट पर बैठने वालों के लिए रिक्लाइनिंग सीट्स, रियर AC वेंट्स, USB चार्जिंग पोर्ट्स और 60:40 स्प्लिट रियर सीट की सुविधा मिलती है।
