तिरुमला मंदिर में 121 किलो सोने का अनोखा दान
भगवान वेंकटेश्वर के लिए भव्य दान
नई दिल्ली: आंध्र प्रदेश के तिरुमला में भगवान वेंकटेश्वर स्वामी के मंदिर में 26 नवंबर को एक विशेष महादान होने जा रहा है। एक अज्ञात श्रद्धालु 121 किलो सोने के आभूषण भेंट करेगा, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 160 करोड़ रुपये है। इस भेंट में भगवान के लिए एक भव्य सोने का मुकुट और चरणों के लिए विशेष आभूषण शामिल हैं। दिलचस्प बात यह है कि इस दानकर्ता ने अपनी पहचान गुप्त रखी है। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू भी इस समारोह में शामिल होंगे, और तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के अधिकारी औपचारिक रूप से इन आभूषणों को ग्रहण करेंगे।
टीटीडी द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु द्वारा भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी को 121 किलो सोने के आभूषण समर्पित किए जाएंगे। इनकी कीमत लगभग 160 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस भेंट में भगवान के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया सोने का मुकुट और चरणों के लिए 'पद्म पादालु' नामक आभूषण शामिल हैं। यह दान केवल सोने का नहीं, बल्कि भगवान की प्रतिमा के लिए विशेष रूप से निर्मित आभूषणों का संग्रह है। दानदाता ने इतनी बड़ी भेंट देने के बावजूद अपनी पहचान को सार्वजनिक नहीं करने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू 26 नवंबर की सुबह अमरावती से तिरुपति के लिए रवाना होंगे। उनके कार्यक्रम के अनुसार, वह सुबह 10 बजे तिरुपति के एसवी एग्रीकल्चरल कॉलेज स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे। इसके बाद सुबह 10:45 बजे तिरुमला के गायत्री निलयम पहुंचेंगे। सुबह 11:10 बजे वैकुंठम क्यू कॉम्प्लेक्स के रास्ते भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन करेंगे। इसके बाद वह 121 किलो सोने के आभूषणों को मंदिर प्रशासन को सौंपने के समारोह में शामिल होंगे। तिरुमला में कार्यक्रम पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडेम जाएंगे और शाम करीब 4:30 बजे अमरावती लौटेंगे।
तिरुमला का श्री वेंकटेश्वर मंदिर भारत के सबसे प्रसिद्ध और समृद्ध धार्मिक स्थलों में से एक है। यहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। भक्त अपनी श्रद्धा के अनुसार नकद, सोना और अन्य कीमती वस्तुएं दान करते हैं। ऐसे में 121 किलो सोने के आभूषणों का यह दान मंदिर के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस महादान की चर्चा इसकी 160 करोड़ रुपये की कीमत और दानदाता की गुमनाम पहचान के कारण भी हो रही है।
