सहरसा रेलवे स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन में आग, सभी यात्री सुरक्षित
सहरसा में ट्रेन में आग लगने की घटना
सहरसा: बिहार के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार तड़के समस्तीपुर-सहरसा पैसेंजर ट्रेन (संख्या 63344) के एक कोच में भीषण आग लग गई। इस घटना के समय ट्रेन में यात्री मौजूद थे, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, सभी यात्रियों को समय पर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना सुबह लगभग 3 बजे हुई। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया। लेकिन जिस कोच में आग लगी थी, वह पूरी तरह से जलकर खाक हो गया।
अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। इस घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
असिस्टेंट फायर ऑफिसर निरंजन कुमार ने कहा, “हमें सूचना मिली थी कि रेलवे इंजन में आग लगी है। सूचना मिलते ही सहरसा फायर स्टेशन से एक फोम टेंडर और एक वॉटर टेंडर मौके पर भेजा गया। अब तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।”
वहीं, ट्रेन में सवार एक यात्री ने बताया कि सुबह करीब 3:40 बजे सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर आग लग गई। इस घटना के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि उन्हें सहरसा जाना था, लेकिन आग लगने के बाद सभी यात्री करीब दो घंटे तक स्टेशन पर फंसे रहे, जिससे उन्हें भारी असुविधा हुई।
