स्पाइसजेट ने बेड़े में तीन नए एयरबस ए320 विमानों को जोड़ा
स्पाइसजेट का बेड़ा विस्तार
प्राइवेट एयरलाइन स्पाइसजेट ने अपने बेड़े में तीन एयरबस ए320 विमानों को डैम्प लीज पर शामिल करने की जानकारी दी है। वित्तीय चुनौतियों का सामना कर रही इस एयरलाइन ने बताया कि इन नए विमानों के जुड़ने से नेटवर्क का विस्तार और बढ़ती यात्री मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी।
डैम्प लीज के तहत, विमान के साथ पायलट भी लीज पर देने वाली कंपनी के होते हैं, और विमान के रखरखाव की जिम्मेदारी भी उसी कंपनी पर होती है। वहीं, केबिन क्रू भी लीज पर लेने वाली कंपनी के होते हैं।
स्पाइसजेट ने कहा है कि तीनों विमान भारत में पहुंच चुके हैं और इस सप्ताह के अंत तक उनका व्यावसायिक परिचालन शुरू हो जाएगा। इन विमानों से एयरलाइन को अपने नेटवर्क विस्तार की योजनाओं को तेजी से लागू करने और प्रमुख घरेलू मार्गों पर बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने में सहायता मिलेगी।
एयरलाइन ने यह भी बताया कि आने वाले महीनों में अपने बेड़े के विस्तार के लिए अन्य लीजदाताओं के साथ बातचीत जारी है।
स्पाइसजेट के मुख्य व्यवसाय अधिकारी देबोजो महार्षि ने कहा, "इन तीन विमानों का जुड़ना हमारी क्षमता विस्तार योजना का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। ये विमान हमें मौजूदा मार्गों पर अधिक उड़ानें संचालित करने, संपर्क को बेहतर बनाने और नई सेवाएं शुरू करने में मदद करेंगे। हम व्यस्त यात्रा सीजन से पहले अपनी क्षमता को लगातार बढ़ा रहे हैं और अपने यात्रियों को अधिक गंतव्यों का विकल्प और विश्वसनीय यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"
