हरियाणा में मौसम परिवर्तन: तीन दिन बारिश और आंधी की चेतावनी
हरियाणा में मौसम का अलर्ट
चंडीगढ़: हरियाणा में मौसम में बदलाव की प्रक्रिया आज से शुरू हो रही है। पिछले कुछ दिनों में दक्षिण हरियाणा में अच्छी बारिश हुई, जबकि उत्तरी हरियाणा में सूखा बना रहा। भारतीय मौसम विभाग ने तीन दिनों तक खराब मौसम की संभावना जताई है।
आज प्रदेश के 15 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। विशेष रूप से दक्षिण-पूर्व और उत्तरी हरियाणा के क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। अगले तीन दिनों तक लगातार बारिश की चेतावनी दी गई है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण भीषण गर्मी और लू से राहत मिलेगी। हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी।
इन जिलों में मौसम रहेगा खराब
आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत और जींद जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में धूल भरी आंधी और आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के प्रमुख डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, हरियाणा में मौसम 23 जून तक परिवर्तनशील रहेगा।
इस दौरान आंशिक बादलवाई और हवाओं की दिशा में बदलाव की संभावना है।
22 और 23 जून को नया विक्षोभ
एक और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 22 और 23 जून को राज्य में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन रात में तापमान में गिरावट आ सकती है।
