अमूल ने दिवाली से पहले घी और मक्खन के दाम बढ़ाए
महंगाई का तगड़ा झटका
नई दिल्ली। दिवाली की तैयारियों में जुटे लोगों को महंगाई का बड़ा झटका लगा है। देश की प्रसिद्ध डेयरी कंपनी अमूल ने घी और मक्खन की कीमतों में वृद्धि की है। कंपनी ने घी और मक्खन के दामों में 3 से लेकर 50 रुपये तक की बढ़ोतरी की है। अब अमूल का एक किलो घी का पैकेट 630 रुपये से बढ़कर 680 रुपये का हो गया है। वहीं, 100 ग्राम मक्खन की कीमत 63 से बढ़कर 66 रुपये हो गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दाम बढ़ने का कारण गुजरात और राजस्थान में नकली घी के खिलाफ की गई कार्रवाई है, जिसके चलते इस ब्रांड की मांग में वृद्धि हुई है। इससे सितंबर 2025 में GST कटौती का लाभ भी काफी कम हो गया है। 500 ग्राम मक्खन की कीमत 15 रुपये बढ़कर अब 310 रुपये से 325 रुपये हो गई है।

पिछले साल सितंबर में दाम कम हुए थे
रिपोर्ट के अनुसार, अमूल ने गाय के घी की बढ़ती मांग और सप्लाई में कमी के चलते दाम बढ़ाए हैं। इससे पहले सितंबर 2025 में GST की दर घटने के बाद अमूल ने 700 डेयरी उत्पादों की कीमतें कम की थीं। उस समय डेयरी उत्पादों पर GST 12 फीसदी से घटाकर 5 फीसदी किया गया था। तब एक लीटर घी की कीमत 650 रुपये से घटकर 610 रुपये हो गई थी। 5 लीटर घी की कीमत 3,275 रुपये से घटकर 3,075 रुपये हो गई थी। वहीं, 100 ग्राम मक्खन की कीमत 62 रुपये से घटकर 58 रुपये हो गई थी। आधा किलो घी की कीमत 305 रुपये से घटकर 285 रुपये रह गई थी।
