अमेजन के सीईओ एंडी जेसी ने पीएम मोदी से की मुलाकात, 2030 तक 48 अरब डॉलर का निवेश करने का किया ऐलान
अमेजन का भारत में निवेश का ऐलान
नई दिल्ली: अमेजन के सीईओ एंडी जेसी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस अवसर पर, जेसी ने भारत के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को दोहराया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तथा क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए 2030 तक 13 अरब डॉलर का अतिरिक्त निवेश करने की योजना का ऐलान किया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर, एंडी ने पीएम मोदी के साथ मुलाकात की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अमेजन के भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करना बहुत अच्छा रहा। हम पिछले एक दशक से भारत में ग्राहकों, विक्रेताओं, डेवलपर्स, स्टार्टअप्स और उद्योगों को सेवाएं दे रहे हैं, और हमारी यात्रा की शुरुआत अभी हुई है।"
उन्होंने आगे कहा, "मैंने उनसे आगामी योजनाओं पर चर्चा की। अमेजन अगले पांच वर्षों में भारत में 48 अरब डॉलर का निवेश करेगा, जिसमें 21 अरब डॉलर से अधिक का निवेश एआई और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर में किया जाएगा।"
जेसी ने बताया कि "2030 तक हमारी योजना 38 लाख नौकरियों का सृजन करना, 80 अरब डॉलर के ई-कॉमर्स निर्यात को सक्षम बनाना और 1.5 करोड़ छोटे व्यवसायों तथा 40 लाख सरकारी स्कूल के छात्रों तक एआई के लाभ पहुंचाना है। मैं भविष्य को लेकर उत्साहित हूं। भारत में हम जो कुछ कर सकते हैं, उसके लिए अभी बहुत कुछ करना बाकी है।"
अमेजन की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस नए निवेश के साथ 2026 से 2030 के बीच भारत में एआई और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए कंपनी का कुल निवेश 21 अरब डॉलर से अधिक होगा। यह भारत में एआई और क्लाउड क्षेत्र में सबसे बड़े वैश्विक निवेशों में से एक माना जाएगा।
अमेजन वेब सर्विसेज (एडब्ल्यूएस) के डेटा सेंटर नेटवर्क का विस्तार मुंबई और हैदराबाद में किया जाएगा, जिससे स्टार्टअप्स, बड़े उद्योग और सरकारी संस्थानों को एआई चिप्स, प्रबंधित एआई सेवाओं, सुरक्षित क्लाउड तकनीक और डेवलपर टूल्स तक बेहतर पहुंच मिलेगी।
कंपनी ने बताया कि 2010 से 2030 तक भारत में उसका कुल निवेश 88 अरब डॉलर से अधिक हो जाएगा। इसके अलावा, अमेजन अपने ई-कॉमर्स और क्विक कॉमर्स नेटवर्क को मजबूत करने के लिए भी निवेश जारी रखेगा।
अमेजन इस वर्ष देशभर में 20 से अधिक नए फुलफिलमेंट सेंटर और 100 से अधिक नए लास्ट-माइल डिलीवरी स्टेशन स्थापित करने की योजना बना रहा है, जिससे विशेष रूप से टियर-3 और टियर-4 शहरों में ग्राहकों को तेज और भरोसेमंद डिलीवरी सेवाएं मिलेंगी।
कंपनी ने डिलीवरी कर्मचारियों के कल्याण के लिए 'सम्मान' नामक एक विशेष कार्यक्रम की भी घोषणा की है।
एंडी जेसी ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत में अमेजन का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है, विशेषकर ई-कॉमर्स, एआई और क्लाउड सेवाओं के क्षेत्र में। उन्होंने कहा कि कंपनी की प्राथमिकताएं भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था, छोटे व्यवसायों के डिजिटलीकरण, रोजगार सृजन और निर्यात बढ़ाने के लक्ष्यों के अनुरूप हैं।
अमेजन के अनुसार, भारत में कंपनी ने अब तक 1.2 करोड़ छोटे व्यवसायों को डिजिटल बनाया है, 20 अरब डॉलर से अधिक के ई-कॉमर्स निर्यात को सक्षम किया है और 28 लाख नौकरियों का समर्थन किया है। कंपनी ने 1 करोड़ से अधिक भारतीयों को क्लाउड स्किल्स की ट्रेनिंग भी दी है।
जेसी ने कहा कि आने वाले पांच वर्षों में अमेजन भारत में अपने कारोबार के विस्तार के लिए कुल 48 अरब डॉलर का निवेश करेगा और "विकसित और आत्मनिर्भर भारत" के लक्ष्य में लंबे समय तक साझेदार बना रहेगा।
