आईडीएफसी फर्स्ट बैंक का शुद्ध लाभ पहली तिमाही में 132.4% बढ़ा
आईडीएफसी फर्स्ट बैंक की वित्तीय प्रगति
नई दिल्ली, 25 जुलाई: निजी क्षेत्र का आईडीएफसी फर्स्ट बैंक चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 1,075 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया, जो कि 132.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। यह आंकड़ा बैंक के लिए किसी भी तिमाही में अब तक का सबसे अधिक शुद्ध लाभ है। बैंक ने शनिवार को शेयर बाजार को अप्रैल से जून 2026 की तिमाही के परिणामों की जानकारी दी।
पिछले वर्ष की समान तिमाही में बैंक का शुद्ध लाभ 463 करोड़ रुपये था। 30 जून 2026 तक बैंक का कुल ग्राहक कारोबार 18.6 प्रतिशत बढ़कर 6,04,776 करोड़ रुपये हो गया, जबकि एक वर्ष पहले यह 5,10,031 करोड़ रुपये था। बैंक ने बताया कि उसकी ऋण एवं अग्रिम राशि 30 जून 2026 तक 20.6 प्रतिशत बढ़कर 3,05,370 करोड़ रुपये हो गई, जो 30 जून 2025 को 2,53,233 करोड़ रुपये थी।
समीक्षाधीन तिमाही के अंत तक बैंक का सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) अनुपात घटकर 1.51 प्रतिशत रह गया, जो वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में 1.97 प्रतिशत था। इसी प्रकार, शुद्ध एनपीए अनुपात भी 0.55 प्रतिशत से घटकर 0.44 प्रतिशत पर आ गया। जून तिमाही में बैंक का शुद्ध ब्याज मार्जिन भी बढ़कर 5.96 प्रतिशत हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 5.71 प्रतिशत था।
