उत्तम कुमार की जन्मशती पर केंद्र सरकार जारी करेगी 100 रुपये का स्मारक सिक्का
उत्तम कुमार की जन्मशती का स्मारक सिक्का
नई दिल्ली, 8 सितंबर: केंद्र सरकार बांग्ला सिनेमा के प्रसिद्ध अभिनेता उत्तम कुमार की जन्मशती के उपलक्ष्य में 100 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करने जा रही है। उत्तम कुमार का जन्म 3 सितंबर, 1926 को हुआ था, और उनका असली नाम अरुण कुमार चट्टोपाध्याय था।
उन्हें भारतीय सिनेमा के सबसे महान अभिनेताओं में से एक माना जाता है और बांग्ला फिल्म उद्योग में उन्हें ‘महानायक’ के नाम से जाना जाता है। वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग ने एक अधिसूचना में बताया कि यह स्मारक सिक्का ‘महानायक उत्तम कुमार की जन्मशती समारोह’ के अवसर पर जारी किया जाएगा। 3 सितंबर को जारी राजपत्र अधिसूचना के अनुसार, यह 100 रुपये का सिक्का 99.9 प्रतिशत शुद्ध चांदी से निर्मित होगा और इसका व्यास 44 मिलीमीटर होगा।
उत्तम कुमार ने अपने करियर में 200 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया। उनका निधन 24 जुलाई, 1980 को 53 वर्ष की आयु में हुआ था।
