Newzfatafatlogo

एनएसई का आईपीओ: 1,700-1,785 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा निर्धारित

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) ने अपने आईपीओ के लिए 1,700-1,785 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा निर्धारित किया है। यह आईपीओ 22,569 करोड़ रुपये का होगा और 17 से 21 सितंबर के बीच खुलने वाला है। यह भारत का दूसरा सबसे बड़ा सार्वजनिक निर्गम होगा। जानें इस आईपीओ के बारे में और क्या खास है।
 | 

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का आईपीओ

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) ने अपने लंबे समय से प्रतीक्षित प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए 1,700 से 1,785 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा निर्धारित किया है। एनएसई ने शुक्रवार को जानकारी दी कि यह आईपीओ 22,569 करोड़ रुपये का होगा, जो 17 सितंबर को खुलकर 21 सितंबर को बंद होगा। यह 2024 में हुंदै मोटर इंडिया के 27,870 करोड़ रुपये के निर्गम के बाद देश का दूसरा सबसे बड़ा सार्वजनिक निर्गम होगा।


यह आईपीओ लगभग एक दशक बाद आ रहा है। नियामकीय बाधाओं के चलते एनएसई की सार्वजनिक होने की योजना काफी समय तक रुकी रही थी। अब सेबी की मंजूरी मिलने के बाद, एक्सचेंज 24 सितंबर को शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने की तैयारी कर रहा है।


सार्वजनिक घोषणा के अनुसार, बड़े (एंकर) निवेशक 16 सितंबर को बोली लगाने में सक्षम होंगे। यह आईपीओ पूरी तरह से मौजूदा शेयरधारकों द्वारा 12.64 करोड़ शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित होगा। पहले 14.9 करोड़ शेयरों की बिक्री की योजना बनाई गई थी।


ओएफएस के आकार में कमी के कारण, निर्गम का कुल आकार प्रारंभिक अनुमान के 30,000 करोड़ रुपये से कम हो गया है। मूल्य दायरे के निचले स्तर पर, निर्गम का आकार लगभग 21,494 करोड़ रुपये और ऊपरी स्तर पर करीब 22,569 करोड़ रुपये होगा। इस प्रकार, यह भारत का अब तक का सबसे बड़ा सार्वजनिक निर्गम बनने से चूक जाएगा।