एयर इंडिया ने हब-एंड-स्पोक मॉडल के तहत उड़ान बुकिंग शुरू की
एयर इंडिया की नई उड़ान सेवाएं
एयर इंडिया ने मंगलवार को केंद्र सरकार के हब-एंड-स्पोक मॉडल के अंतर्गत अपनी उड़ानों के लिए बुकिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस मॉडल के तहत, पहली उड़ान 25 जून को वाराणसी से संचालित होगी।
हब-एंड-स्पोक मॉडल के अनुसार, वाराणसी जैसे मझोले शहरों को दिल्ली जैसे बड़े हवाई अड्डों से जोड़ा जाएगा, जिससे यात्री एयर इंडिया के व्यापक वैश्विक नेटवर्क का लाभ उठा सकेंगे।
एयर इंडिया ने एक बयान में कहा कि 'ईजी कनेक्ट' उड़ानों के माध्यम से यात्रियों को छोटे शहरों से सामान जमा करने और प्रारंभिक हवाई अड्डे पर आव्रजन प्रक्रिया पूरी करने की सुविधा मिलेगी, जिससे वे विश्वभर में यात्रा कर सकें।
इस व्यवस्था से मझोले शहरों के यात्री एक ही हब के माध्यम से कई अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक आसानी से पहुंच सकेंगे, जिससे उन्हें बेहतर पारगमन अनुभव प्राप्त होगा।
एयरलाइन ने बताया कि आने वाले महीनों में कई शहरों में 'ईजी कनेक्ट' उड़ानों को चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा, ताकि भारत के छोटे और मझोले शहरों से अंतरराष्ट्रीय संपर्क को सरल बनाया जा सके।
थ्रू चेक-इन की सुविधा
इस नई सुविधा के तहत, यात्री अपनी अंतिम मंजिल तक के लिए 'थ्रू चेक-इन' कर सकते हैं। उदाहरण के लिए, वाराणसी के यात्री अपने शहर के हवाई अड्डे पर ही अपनी अंतिम अंतरराष्ट्रीय गंतव्य के लिए चेक-इन कर सकेंगे।
उन्हें दिल्ली जैसे हवाई अड्डे पर अपना सामान लेने या दोबारा चेक-इन करने की आवश्यकता नहीं होगी। इसके अलावा, यात्री अपने प्रारंभिक एयरपोर्ट पर ही अंतरराष्ट्रीय आव्रजन प्रक्रिया पूरी कर लेंगे, जिससे उन्हें बड़े शहर के हवाई अड्डे पर लंबी कतारों और प्रक्रियाओं का सामना नहीं करना पड़ेगा।
