डीएचएल एक्सप्रेस ने भारत में माल ढुलाई शुल्क में 8.9% की वृद्धि की घोषणा की
डीएचएल एक्सप्रेस की नई माल ढुलाई दरें
लॉजिस्टिक सेवा प्रदाता डीएचएल एक्सप्रेस ने शनिवार को जानकारी दी कि वह एक जनवरी से भारत में माल ढुलाई शुल्क में 8.9 प्रतिशत की वृद्धि करने जा रही है। कंपनी के अनुसार, यह वृद्धि मुद्रास्फीति, मुद्रा के उतार-चढ़ाव और उद्योग से जुड़ी लागतों में वृद्धि जैसे कई कारणों के चलते की जा रही है। डीएचएल एक्सप्रेस ने बताया कि यह एक अंतरराष्ट्रीय एकीकृत व्यवसाय है, जो 220 से अधिक देशों और क्षेत्रों में कार्यरत है, और यह न केवल स्थानीय आर्थिक परिस्थितियों से, बल्कि वैश्विक बाजारों के विकास से भी प्रभावित होता है।
डीएचएल एक्सप्रेस के दक्षिण एशिया के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आर एस सुब्रमण्यन ने कहा कि यह वार्षिक मूल्य समायोजन हमें अपने ग्राहकों द्वारा अपेक्षित सेवा और विश्वसनीयता के उच्च मानकों को बनाए रखने में मदद करता है। इसके साथ ही, यह हमारे वैश्विक संचालन की लचीलापन और अनुकूलन क्षमता को भी बढ़ाता है। उन्होंने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय व्यापार में नए अवसर उत्पन्न हो रहे हैं।
सुब्रमण्यन ने आगे कहा कि हम अपने ग्राहकों को इस बदलते माहौल में आगे बढ़ने में सहायता देने के लिए अपने वैश्विक नेटवर्क, डिजिटल क्षमताओं, सुरक्षा बुनियादी ढांचे और टिकाऊ लॉजिस्टिक समाधानों में निवेश करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। कंपनी ने यह भी बताया कि मुद्रास्फीति के अलावा, उसकी लागत संरचना ऊर्जा खर्च, अनुपालन आवश्यकताओं और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय प्राधिकरणों द्वारा लागू किए जाने वाले बदलते सीमा शुल्क से प्रभावित हो रही है।
