प्रेस्टीज एस्टेट्स ने होटल आईपीओ योजना को किया स्थगित
प्रेस्टीज एस्टेट्स का आईपीओ स्थगित
रियल एस्टेट क्षेत्र की प्रमुख कंपनी प्रेस्टीज एस्टेट्स ने बाजार की अस्थिरता और अन्य कारणों का हवाला देते हुए अपने होटल व्यवसाय के लिए प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) की योजना को फिलहाल रोक दिया है। प्रेस्टीज एस्टेट्स प्रोजेक्ट्स लिमिटेड की सहायक कंपनी प्रेस्टीज हॉस्पिटैलिटी वेंचर्स लिमिटेड (पीएचवीएल) ने पिछले साल अप्रैल में भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास मसौदा रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) प्रस्तुत किया था। कंपनी ने इस सार्वजनिक निर्गम के माध्यम से 2,700 करोड़ रुपये तक जुटाने की योजना बनाई थी।
कंपनी ने शुक्रवार को शेयर बाजार को सूचित किया कि निदेशक मंडल ने रणनीतिक विचारों और बाजार की अनिश्चितताओं को ध्यान में रखते हुए डीआरएचपी को वापस लेने का निर्णय लिया है। पीएचवीएल भविष्य में अपने इक्विटी शेयरों के आईपीओ के लिए सेबी के समक्ष नए मसौदा दस्तावेज दाखिल करने पर विचार कर सकती है, जब बाजार की स्थिति अनुकूल हो और आवश्यक मंजूरियां प्राप्त हों। इस साल अगस्त में, प्रेस्टीज एस्टेट्स ने बताया था कि कनाडा की निवेश फर्म सीपीपीआईबी उसकी आतिथ्य शाखा में 3,000 करोड़ रुपये तक का निवेश करने की योजना बना रही है।
बेंगलुरु स्थित प्रेस्टीज एस्टेट्स देश के प्रमुख रियल एस्टेट डेवलपर्स में से एक है, जो प्रमुख शहरों में आवासीय, कार्यालय, मॉल और होटल परियोजनाएं विकसित करती है। कंपनी के पास कई होटल भी हैं।
