Newzfatafatlogo

भारत के डेटा सेंटर बाजार में मुंबई और हैदराबाद की स्थिति

नाइट फ्रैंक की हालिया रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई और हैदराबाद डेटा सेंटर क्षमता में महत्वपूर्ण स्थान पर हैं। मुंबई 15वें और हैदराबाद 27वें स्थान पर है। रिपोर्ट में बताया गया है कि मुंबई में 774 मेगावाट की परिचालन आईटी क्षमता है, जबकि हैदराबाद में 151 मेगावाट की क्षमता है। जानें इन शहरों की वैश्विक रैंकिंग और भारत की डिजिटल अवसंरचना में बढ़ती भूमिका के बारे में।
 | 

डेटा सेंटर क्षमता में मुंबई और हैदराबाद की रैंकिंग

नयी दिल्ली, छह अगस्त: डेटा सेंटर की परिचालन क्षमता के मामले में मुंबई विश्व स्तर पर 15वें और हैदराबाद 27वें स्थान पर है। यह जानकारी रियल एस्टेट परामर्श कंपनी की एक रिपोर्ट में सामने आई है। नाइट फ्रैंक द्वारा जारी की गई रिपोर्ट ‘नाइट फ्रैंक ग्लोबल डेटा सेंटर एटलस 2026’ में उत्तर अमेरिका, यूरोप, एशिया-प्रशांत, पश्चिम एशिया और अफ्रीका के 36 प्रमुख डेटा सेंटर बाजारों की तुलना की गई है।


रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई परिचालन डेटा सेंटर क्षमता के मामले में 15वें स्थान पर है, जबकि विकासाधीन क्षमता के आधार पर इसका स्थान 11वां है। मुंबई में 774 मेगावाट की परिचालन आईटी क्षमता और लगभग पांच गीगावाट की विकासाधीन क्षमता है, जिससे यह भारत का प्रमुख डेटा सेंटर बाजार बन गया है। वहीं, हैदराबाद 151 मेगावाट की परिचालन आईटी क्षमता के साथ 27वें स्थान पर है, जबकि विकासाधीन क्षमता के मामले में इसका स्थान 19वां है।


रिपोर्ट में दो प्रमुख मानकों के आधार पर डेटा सेंटर बाजारों का मूल्यांकन किया गया है। पहला मानक है परिचालन में आईटी क्षमता, जो वर्तमान में चालू डेटा सेंटर में स्थापित है, और दूसरा मानक है विकासाधीन आईटी क्षमता, जिसमें निर्माणाधीन, स्वीकृत और प्रारंभिक विकास चरण की क्षमता शामिल है। परिचालन आईटी क्षमता के मामले में शीर्ष पांच स्थान उत्तर अमेरिका के डेटा सेंटरों के पास हैं।


इनमें एशबर्न पहले, कोलंबस दूसरे, डलास तीसरे, फीनिक्स चौथे और अटलांटा पांचवें स्थान पर हैं। इसके अलावा, तोक्यो छठे, लंदन सातवें, डबलिन आठवें, शिकागो नौवें और सिंगापुर 10वें स्थान पर है। नाइट फ्रैंक इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक शिशिर बैजल ने कहा कि वैश्विक रैंकिंग में भारत की उपस्थिति यह दर्शाती है कि देश तेजी से एक रणनीतिक डिजिटल अवसंरचना केंद्र के रूप में उभर रहा है।