मई में इक्विटी म्यूचुअल फंड्स में निवेश की वृद्धि, फ्लेक्सी-कैप फंड्स ने किया नेतृत्व
इक्विटी म्यूचुअल फंड्स में निवेश का आंकड़ा
मुंबई: एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एएमएफआई) द्वारा बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, मई महीने में इक्विटी म्यूचुअल फंड्स में निवेशकों की रुचि बनी रही, जिससे 22,907.77 करोड़ रुपए का शुद्ध निवेश (नेट इनफ्लो) दर्ज किया गया।
म्यूचुअल फंड उद्योग की कुल प्रबंधित परिसंपत्ति (एसेट्स अंडर मैनेजमेंट-एयूएम) 81.58 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गई है। इसके साथ ही, कुल फोलियो की संख्या 27.65 करोड़ हो गई, जो वित्तीय बाजारों में खुदरा निवेशकों की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।
श्रेणीवार आंकड़ों के अनुसार, फ्लेक्सी-कैप फंड्स में सबसे अधिक 5,175.54 करोड़ रुपए का शुद्ध निवेश आया। इसके बाद स्मॉल-कैप फंड्स में 4,945.57 करोड़ रुपए और मिड-कैप फंड्स में 4,385.06 करोड़ रुपए का निवेश हुआ।
फ्लेक्सी-कैप, स्मॉल-कैप और मिड-कैप फंड्स में मिलाकर 14,500 करोड़ रुपए से अधिक का निवेश हुआ, जो मई में इक्विटी फंड्स में कुल निवेश का 63 प्रतिशत से अधिक है। यह दर्शाता है कि निवेशक विविधीकृत और व्यापक बाजार आधारित निवेश रणनीतियों को प्राथमिकता दे रहे हैं।
इसके अलावा, लार्ज एंड मिड-कैप फंड्स में 3,278.22 करोड़ रुपए और मल्टी-कैप फंड्स में 2,291.01 करोड़ रुपए का शुद्ध निवेश हुआ।
मई के दौरान हाइब्रिड स्कीमों में भी निवेशकों का रुझान सकारात्मक रहा, जिसमें कुल 10,560.24 करोड़ रुपए का शुद्ध निवेश दर्ज किया गया।
हाइब्रिड फंड्स में आर्बिट्रेज फंड्स ने सबसे अधिक 5,697.90 करोड़ रुपए का निवेश प्राप्त किया, जबकि मल्टी-एसेट एलोकेशन फंड्स में 3,928.51 करोड़ रुपए का शुद्ध निवेश हुआ।
पैसिव निवेश उत्पादों में, इंडेक्स फंड्स में 943.26 करोड़ रुपए का शुद्ध निवेश हुआ, जबकि विदेशी बाजारों में निवेश करने वाले फंड ऑफ फंड्स (एफओएफ) में 763.99 करोड़ रुपए का निवेश आया।
हालांकि, गोल्ड ईटीएफ से मई में 725.04 करोड़ रुपए की शुद्ध निकासी (आउटफ्लो) हुई।
इससे पहले अप्रैल में म्यूचुअल फंड उद्योग में निवेशकों की भागीदारी और भी मजबूत रही थी, जब कुल निवेश 3.22 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गया था, जबकि इक्विटी आधारित स्कीम्स में 38,440.20 करोड़ रुपए का शुद्ध निवेश हुआ था।
