शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 1400 अंक चढ़ा
शेयर बाजार में सकारात्मक रुख
बुधवार को घरेलू शेयर बाजारों में शुरुआती कारोबार में तेजी देखने को मिली, जिसमें बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1,400 अंक से अधिक चढ़ गया।
सेंसेक्स ने 1,142 अंक की बढ़त के साथ 82,248.68 अंक पर शुरुआत की और पहले आधे घंटे में ही 82,520.40 अंक तक पहुंच गया। पिछले कारोबारी दिन यह 81,106.65 अंक पर बंद हुआ था। वर्तमान में सेंसेक्स 1,357.02 अंक (1.67 प्रतिशत) की वृद्धि के साथ 82,463.67 अंक पर है।
पश्चिम एशिया में स्थिति में सुधार की उम्मीद के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और कंपनियों के अच्छे तिमाही परिणामों का भी बाजार पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 293 अंक की बढ़त के साथ 25,337.80 अंक पर खुला। वर्तमान में यह 368.55 अंक यानी 1.47 प्रतिशत की मजबूती के साथ 25,413.20 अंक पर है।
वृहद बाजार में सभी सूचकांक ऊपर की ओर हैं। फार्मा और स्वास्थ्य को छोड़कर सभी सेक्टरों में लिवाली का जोर है। वित्त, बैंकिंग, ऑटो, मीडिया, एफएमसीजी, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और तेल एवं गैस समूहों के सूचकांक एक से दो प्रतिशत की बढ़त में हैं।
सेंसेक्स की कंपनियों में इंडिगो का शेयर फिलहाल साढ़े चार प्रतिशत से अधिक और महिंद्रा एंड महिंद्रा का करीब साढ़े तीन फीसदी ऊपर है। भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक और एक्सिस बैंक में दो से ढाई फीसदी की बढ़त देखी जा रही है। भारती एयरटेल, इटरनल, एशियन पेंट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईसीआईसीआई बैंक, पावरग्रिड, एलएंडटी, आईटीसी और बजाज फाइनेंस के शेयर डेढ़ से दो फीसदी ऊपर हैं।
