शेयर बाजार में धनतेरस पर जोरदार उछाल, सेंसेक्स 81,000 के पार
शेयर बाजार में धनतेरस का जश्न
मुंबई - धनतेरस के अवसर पर शुक्रवार को शेयर बाजार में जोरदार रैली देखने को मिली। दिन के अंत में, सेंसेक्स 1,718.01 अंक या 2.17 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 81,028.02 पर और निफ्टी 493.75 अंक या 2.01 प्रतिशत की मजबूती के साथ 25,030.35 पर बंद हुआ।
यह लगातार सातवां दिन था जब बाजार ने बढ़त के साथ समापन किया। इस दौरान, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर सूचीबद्ध सभी कंपनियों का मार्केट कैप 30 लाख करोड़ रुपए बढ़कर 503 लाख करोड़ रुपए हो गया, जो कि 28 अक्टूबर को 473 लाख करोड़ रुपए था।
बाजार में तेजी का मुख्य कारण निजी बैंकों का प्रदर्शन रहा। निफ्टी प्राइवेट बैंक ने 3.22 प्रतिशत की वृद्धि के साथ शीर्ष लाभार्थी बना। इसके अलावा, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज 2.57 प्रतिशत, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 1.70 प्रतिशत, और निफ्टी सर्विसेज 1.63 प्रतिशत की वृद्धि के साथ आगे रहे।
हालांकि, निफ्टी मीडिया 1.52 प्रतिशत, निफ्टी इंडिया डिफेंस 0.92 प्रतिशत और निफ्टी एनर्जी 0.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए। मिडकैप और स्मॉलकैप में मिलाजुला कारोबार देखने को मिला। निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 157.40 अंक या 0.82 प्रतिशत की गिरावट के साथ 18,975.05 पर और निफ्टी मिडकैप 14.25 अंक या 0.02 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 60,606.65 पर बंद हुआ। सेंसेक्स पैक में 30 में से 29 शेयर हरे निशान में बंद हुए। एमएंडएम, आईसीआईआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, टाइटन, और एक्सिस बैंक जैसे शेयरों ने अच्छा प्रदर्शन किया। केवल पावरग्रिड लाल निशान में बंद हुआ।
विशेषज्ञों का कहना है कि भारतीय शेयर बाजारों ने वैश्विक गिरावट के बावजूद अपनी बढ़त बनाए रखी है। इसका कारण यह है कि निवेशक घरेलू बाजार को एक सुरक्षित विकल्प मान रहे हैं।
विशेषज्ञों ने यह भी बताया कि आज की रैली में बड़े निजी बैंक सबसे बड़े लाभार्थी बने। उनकी मजबूत लिक्विडिटी और आकर्षक वैल्यूएशन ने उन्हें निवेश के लिए एक स्वाभाविक विकल्प बना दिया। इसके अलावा, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में नरमी और रुपए की मजबूती ने भारत के प्रति निवेशकों का आकर्षण बढ़ा दिया है।
