सितंबर में इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में 74% की वृद्धि, रिकॉर्ड 3.33 लाख इकाइयां बिकीं
इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में अभूतपूर्व वृद्धि
मुंबई, 7 अक्टूबर: भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की खुदरा बिक्री सितंबर में सालाना आधार पर 74 प्रतिशत बढ़कर 3.33 लाख इकाइयों के नए रिकॉर्ड पर पहुंच गई। इस अवधि में इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री भी लगभग दोगुनी हो गई। यह जानकारी उद्योग संगठन फाडा ने बुधवार को साझा की।
फाडा द्वारा जारी मासिक आंकड़ों के अनुसार, सितंबर में देशभर में कुल 3,33,364 इलेक्ट्रिक वाहन बेचे गए, जबकि पिछले वर्ष की इसी अवधि में 1,91,497 इकाइयों की बिक्री हुई थी। इस दौरान इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री 36,108 इकाइयों तक पहुंच गई, जो अब तक का सबसे उच्चतम स्तर है। पिछले वर्ष की इसी अवधि में 18,559 इकाइयों की बिक्री हुई थी।
फाडा के अध्यक्ष साई गिरिधर ने बताया कि सितंबर में सभी श्रेणियों में इलेक्ट्रिक वाहनों की खुदरा बिक्री का यह अब तक का सबसे बड़ा मासिक आंकड़ा है। इससे कुल वाहन बिक्री में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी लगभग 13 प्रतिशत हो गई, जो पिछले वर्ष 10 प्रतिशत थी। उन्होंने कहा कि त्योहारी मांग, कम परिचालन लागत, विभिन्न मॉडल की बढ़ती लोकप्रियता और पीएम ई-ड्राइव तथा राज्यों की योजनाओं से मिल रहा नीतिगत समर्थन इलेक्ट्रिक वाहनों को एक प्रमुख विकल्प बना रहा है।
सितंबर में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की बिक्री 88 प्रतिशत बढ़कर 2,07,314 इकाइयों के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई, और इनकी हिस्सेदारी 11.6 प्रतिशत रही। वहीं, इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों की हिस्सेदारी 8.5 प्रतिशत हो गई। तिपहिया वाहनों में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी 64.9 प्रतिशत रही।
हालांकि, इलेक्ट्रिक वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री मासिक आधार पर घटी, लेकिन सालाना आधार पर इसमें 150 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई।
