सुजलॉन एनर्जी का लाभ घटा, लेकिन राजस्व में वृद्धि
सुजलॉन एनर्जी की वित्तीय स्थिति
नई दिल्ली, 28 जुलाई: सुजलॉन एनर्जी ने वित्त वर्ष 2026-27 की जून तिमाही में 305 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग छह प्रतिशत कम है। एक साल पहले इसी अवधि में कंपनी का शुद्ध लाभ 324 करोड़ रुपये था।
हालांकि, इस तिमाही में कंपनी का कुल राजस्व बढ़कर 3,819 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले वर्ष यह 3,117 करोड़ रुपये था। सुजलॉन समूह के मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) राहुल जैन ने कहा कि इस तिमाही में हमने मजबूत आय वृद्धि देखी है, जिसमें राजस्व में सालाना आधार पर 23 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। यह बेहतर क्रियान्वयन और परियोजनाओं की आपूर्ति का परिणाम है। भू-राजनीतिक स्थिति के कारण उत्पन्न अस्थायी लॉजिस्टिक बाधाओं और कुछ रणनीतिक निवेशों के चलते मुनाफा प्रभावित हुआ है।
सुजलॉन समूह के वाइस चेयरमैन गिरीश तांती ने कहा कि सुजलॉन 2.0 की दिशा में प्रगति कर रहा है। हम पवन संचालित नवीकरणीय ऊर्जा समाधानों के साथ चार रणनीतिक वृद्धि इंजन विकसित कर रहे हैं, अपनी तकनीक को मजबूत कर रहे हैं, और दीर्घकालिक ग्राहक साझेदारियों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
