Newzfatafatlogo

हीरो मोटर्स के आईपीओ में निवेशकों की भारी रुचि, 3.36 गुना बोली मिली

हीरो मोटर्स लिमिटेड के आईपीओ ने बृहस्पतिवार को शेयर बिक्री के दूसरे दिन 3.36 गुना बोलियां प्राप्त की हैं। खुदरा और गैर-संस्थागत निवेशकों ने भी इस आईपीओ में उत्साह दिखाया है। कंपनी ने 79-84 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा निर्धारित किया है और 18 सितंबर तक बोली खुली रहेगी। जानें इस आईपीओ के पीछे की योजनाएं और कंपनी के भविष्य के लक्ष्यों के बारे में।
 | 

हीरो मोटर्स लिमिटेड का आईपीओ

वाहन कलपुर्जे बनाने वाली कंपनी हीरो मोटर्स लिमिटेड के आईपीओ ने बृहस्पतिवार को शेयर बिक्री के दूसरे दिन 3.36 गुना बोलियां प्राप्त कीं। एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, 1,000 करोड़ रुपये के आईपीओ में 8,86,07,596 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 29,80,84,496 शेयरों के लिए बोलियां आईं। खुदरा निवेशकों के लिए यह आंकड़ा 5.02 गुना रहा, जबकि गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए 3.90 गुना बोलियां मिलीं।


पात्र संस्थागत निवेशकों (क्यूआईबीएस) के लिए कोटे में सात प्रतिशत अभिदान प्राप्त हुआ। हीरो मोटर्स लिमिटेड के आईपीओ को पहले दिन ही पूर्ण अभिदान मिल चुका था। कंपनी ने मंगलवार को एंकर निवेशकों से लगभग 300 करोड़ रुपये जुटाए थे।


कंपनी ने अपने आईपीओ के लिए 79-84 रुपये प्रति इक्विटी शेयर का मूल्य दायरा निर्धारित किया है, जो 18 सितंबर तक खुला रहेगा। इस आईपीओ में 600 करोड़ रुपये तक के नए इक्विटी शेयर और 400 करोड़ रुपये तक के शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है। नए निर्गम से प्राप्त राशि में से 190 करोड़ रुपये का उपयोग कुछ बकाया कर्ज चुकाने के लिए किया जाएगा, जबकि 200 करोड़ रुपये का उपयोग उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर में कंपनी की सुविधाओं के विस्तार के लिए आवश्यक उपकरण खरीदने में किया जाएगा।


बाकी राशि का उपयोग सामान्य कंपनी उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। कंपनी का शेयर 23 सितंबर को शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने की संभावना है।