तमिलनाडु सरकार की नीट परीक्षा समाप्त करने की मांग फिर से उठी
नीट परीक्षा के खिलाफ तमिलनाडु सरकार का रुख
चेन्नई: तमिलनाडु की वर्तमान सरकार ने मेडिकल पाठ्यक्रमों और अन्य उच्च शिक्षा कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए नीट और समान परीक्षाओं को समाप्त करने की मांग को एक बार फिर से दोहराया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने बुधवार को जानकारी दी कि राज्य सरकार ने केंद्र सरकार की टीम के समक्ष नीट और अन्य परीक्षाओं को खत्म करने की सिफारिश की है।
सीएमओ के अनुसार, बुधवार को चेन्नई के सचिवालय में मुख्यमंत्री जोसेफ विजय से नंदन नीलेकणि की अध्यक्षता में केंद्र सरकार की 'परीक्षा सुधार उच्च-स्तरीय कार्य बल' समिति के सदस्यों से मुलाकात हुई। इस बैठक में सरकार ने उच्च शिक्षा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए नीट या अन्य परीक्षाओं के आयोजन के खिलाफ अपना स्पष्ट रुख पेश किया।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, "बैठक के दौरान, तमिलनाडु सरकार ने उच्च शिक्षा में प्रवेश के लिए नीट या अन्य परीक्षाओं के आयोजन पर विरोध जताया। इसके बजाय, सरकार ने यह स्पष्ट किया कि प्रवेश का आधार केवल 12वीं कक्षा के अंक होने चाहिए।"
पोस्ट में आगे कहा गया, "राज्य सरकार ने समिति के सदस्यों को याद दिलाया कि तमिलनाडु विधानसभा ने 11 अगस्त 2026 को नीट परीक्षा के खिलाफ सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया था। तमिलनाडु सरकार ने अपने रुख को फिर से मजबूती से दोहराया।"
मुख्यमंत्री कार्यालय ने आगे बताया, "तमिलनाडु सरकार ने नीट और अन्य परीक्षाओं को समाप्त करने की सिफारिश को फिर से दोहराया है।"
इससे पहले, अगस्त में तमिलनाडु विधानसभा ने एक प्रस्ताव पारित किया था, जिसमें केंद्र सरकार से अंडरग्रेजुएट मेडिकल कोर्स में एडमिशन के लिए 'नेशनल एलिजिबिलिटी-कम-एंट्रेंस टेस्ट' को खत्म करने की मांग की गई थी।
राज्य के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा और परिवार कल्याण मंत्री केजी अरुणराज ने सदन में नीट विरोधी प्रस्ताव पेश किया था। उन्होंने केंद्र सरकार से अनुरोध किया कि वह मेडिकल प्रवेश की इस केंद्रीकृत व्यवस्था को तुरंत समाप्त करे।
सरकार ने अपने प्रस्ताव में नीट को खत्म करने के मुख्य कारण भी बताए, जिनमें परीक्षा के आयोजन में सामने आई कथित अनियमितताएं, महंगी कोचिंग सेंटरों का तेजी से बढ़ता कारोबार और सबसे दुखद, छात्रों द्वारा की जा रही आत्महत्याएं शामिल थीं।
