अखिलेश यादव ने मेधावी छात्रों को लैपटॉप देकर किया सम्मानित
समाजवादी पार्टी का छात्र सम्मान समारोह
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यालय में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के मेधावी छात्रों को लैपटॉप देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जब से प्रदेश में सपा की सरकार बनी है, तब से छात्रों को लैपटॉप देने की परंपरा शुरू हुई थी। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार ने लैपटॉप वितरण के माध्यम से युवा पीढ़ी के विकास के नए रास्ते खोले हैं। यह परंपरा आज भी जारी है।

समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव सतेन्द्र कुमार मौर्य के सहयोग से हाईस्कूल परीक्षा में पीलीभीत के टॉपर छात्रों प्रांजल मौर्य, सृष्टि कश्यप, वसी फातिमा, यश प्रजापति को लैपटॉप प्रदान किए गए। इसके अलावा हरदोई जनपद के ईशू पटेल और इंटरमीडिएट के टॉपर रेशू पटेल, यशस्वी कुशवाहा, छवि कुमारी को भी लैपटॉप दिए गए।

बिलग्राम हरदोई के जिला पंचायत सदस्य धीरेन्द्र सिंह यादव के सहयोग से आर्यन कुमार, अंशिका यादव, मुस्कान (गुड्डी देवी), शिवानी कुशवाहा, दिव्यांशी पाल, आयुषी पटेल को भी लैपटॉप दिए गए। इसके अलावा, जौनपुर के हाईस्कूल टॉपर वर्षा पटेल और इंटरमीडिएट टॉपर हिमांगिनी यादव, अल्का मिश्रा, अनुराधा विश्वकर्मा और लखनऊ की नारूबी कृष्णन को भी लैपटॉप देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अल्का मिश्रा और हिमांगिनी यादव ने देशभक्ति के गीत भी प्रस्तुत किए।

