अनु मलिक ने मनाया 'आंखों में बसे हो तुम' गाने का 31वां साल
गाने की 31वीं वर्षगांठ का जश्न
मुंबई: म्यूजिक कंपोजर और गायक अनु मलिक ने बुधवार को अपने प्रसिद्ध गाने 'आंखों में बसे हो तुम' के 31 साल पूरे होने का जश्न मनाया।
अनु मलिक ने इंस्टाग्राम पर गाने का एक क्लिप साझा किया, जिसमें उन्होंने बताया कि इस गाने में सुनील शेट्टी और सोनाली बेंद्रे ने अपनी अदाकारी से चार चांद लगा दिए थे। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, "इस खूबसूरत याद को 31 साल हो गए हैं। ऐसा लगता है जैसे यह कल की बात हो। समय भले ही तेजी से गुजरता है, लेकिन कुछ गानों का जादू कभी कम नहीं होता।"
गायक ने सुनील शेट्टी और सोनाली बेंद्रे की प्रशंसा करते हुए कहा, "इन दोनों ने अपनी अदाकारी और सादगी से इस गाने को खास बना दिया। मुझे गर्व है कि मैंने इस संगीत को तैयार किया।"
उन्होंने आगे कहा, "मैं दिल से सभी दर्शकों का धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने पिछले 31 वर्षों में इस गाने को इतना प्यार दिया। आपके समर्थन के कारण यह गाना आज भी हर पीढ़ी के दिलों में जीवित है। इसके लिए मैं हमेशा आभारी रहूंगा।"
गाना 'आंखों में बसे हो तुम' बॉलीवुड का एक बेहद लोकप्रिय रोमांटिक गाना है, जिसे 1995 में आई फिल्म 'टक्कर' में फिल्माया गया था। इस गीत को अलका याग्निक और कुमार सानू ने गाया है, जबकि संगीत अनु मलिक ने दिया और बोल माया गोविंद ने लिखे थे।
इस गाने में सुनील शेट्टी और सोनाली बेंद्रे के बीच की शानदार केमिस्ट्री को दर्शाया गया है, और इसके बोल 90 के दशक के रोमांस को बखूबी दर्शाते हैं।
फिल्म 'टक्कर', जो 1995 में रिलीज हुई, एक सुपरहिट एक्शन-ड्रामा थी, जो तेलुगु फिल्म 'देवुडु चेसिना मनुषुलु' (1973) का रीमेक है। इसमें नसीरुद्दीन शाह एक भ्रष्ट पुलिसवाले के हाथों फंसकर जेल में कानून की पढ़ाई करते हैं और वकील बनकर बदला लेते हैं।
