दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 3,000 लोगों के साथ योग कार्यक्रम का आयोजन
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का उत्सव
खेल मंत्री मनसुख मांडविया रविवार को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ‘योगा फोर हेल्दी ऐजिंग’ थीम के तहत 3,000 प्रतिभागियों के साथ योग सत्र का नेतृत्व करेंगे।
खेल मंत्रालय पूरे देश में भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के सभी क्षेत्रीय केंद्रों, राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों, साइ प्रशिक्षण केंद्रों और खेलो इंडिया संस्थानों में एक साथ योग कार्यक्रम आयोजित करके इस दिन को मनाने की योजना बना रहा है।
इस आयोजन में देशभर से 15,000 से अधिक लोगों के भाग लेने की उम्मीद है। बॉलीवुड के फिटनेस आइकॉन अक्षय कुमार भी इस योग कार्यक्रम में मांडविया के साथ शामिल होंगे। योग को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय खेल महासंघ, राज्य के खेल विभाग और खेल विश्वविद्यालय भी मिलकर कार्यक्रम आयोजित करेंगे।
मांडविया ने कहा, ‘‘जब से संयुक्त राष्ट्र ने हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्ताव के बाद 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में स्वीकार किया है, तब से यह वार्षिक आयोजन शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य के लिए एक वैश्विक उत्सव बन गया है।’’
उन्होंने आगे कहा, ‘‘यह दिन विभिन्न महाद्वीपों के लाखों योगाभ्यासियों को एक साथ लाता है। योग अब भौगोलिक सीमाओं से परे एक वैश्विक कार्यक्रम बन चुका है।’’ राजधानी में होने वाले ‘फिट इंडिया’ कार्यक्रम में लगभग 3,000 लोगों के जुटने की उम्मीद है। इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध योग प्रशिक्षक अंशुका परवानी एक विशेष योग सत्र का संचालन करेंगी।
