राहुल गांधी का 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम अब होगा आयोजित
प्रयागराज में कार्यक्रम की अनुमति मिली
प्रयागराज। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को लेकर प्रयागराज में चल रहा असमंजस अब समाप्त हो गया है। कायस्थ पाठशाला ट्रस्ट ने पहले दी गई अनुमति को वापस लेने के बाद अब कार्यक्रम के लिए केपी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजन की अनुमति दे दी है।
इससे पहले, ट्रस्ट द्वारा अनुमति रद्द करने के बाद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा से मुलाकात की। इस बैठक में अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) डॉ. अजय पाल शर्मा भी शामिल थे। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि 8 अगस्त को प्रस्तावित कार्यक्रम को स्थगित करना संभव नहीं है। प्रशासन ने कहा कि यदि ट्रस्ट अनुमति देता है, तो सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं में पूरा सहयोग किया जाएगा।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल की ट्रस्ट से मुलाकात
मुलाकात के बाद बनी बात!
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में कायस्थ पाठशाला ट्रस्ट के कार्यवाहक अध्यक्ष चौ. जितेंद्रनाथ सिंह से उनके आवास पर मुलाकात की। कानूनी सलाह लेने के बाद ट्रस्ट ने देर रात लगभग 9:58 बजे कार्यक्रम की अनुमति प्रदान कर दी।
राहुल गांधी का यह कार्यक्रम नीट पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित है। पहले ट्रस्ट ने 30 जुलाई को दी गई अनुमति को निरस्त कर दिया था, यह कहते हुए कि लगातार बारिश के कारण मैदान में कीचड़ है और इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेशों का भी ध्यान रखना आवश्यक है।
स्थल पर तैयारियों का निरीक्षण
बारिश के कारण मैदान में जलभराव और कीचड़ की स्थिति बनी हुई है। पानी निकालने के लिए कई पंप लगाए गए हैं, और सभा स्थल पर लकड़ी का प्लेटफॉर्म तैयार करने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। कांग्रेस नेताओं ने स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
राहुल गांधी का मोदी सरकार पर हमला
राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर साधा था निशाना
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र फीस वृद्धि और सीट कटौती के खिलाफ़ अपने भविष्य की लड़ाई लड़ रहे हैं। लेकिन प्रशासन छात्रों को सुनने के बजाय उन पर FIR कर रहा है।
मोदी सरकार की नीति ही युवाओं की आवाज़ दबाना है। सवाल पूछो तो लाठी, विरोध करो तो मुक़दमे, और आवाज़ उठाओ तो पेलेट गन।…
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) August 6, 2026
इस बीच, राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर केंद्र सरकार और प्रशासन पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र फीस वृद्धि और सीटों में कटौती जैसे मुद्दों पर आवाज उठा रहे हैं, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय उन पर कार्रवाई की जा रही है। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि उनके प्रयागराज दौरे और कार्यक्रम को रोकने की कोशिशें की जा रही हैं।
राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र फीस वृद्धि और सीट कटौती के खिलाफ़ अपने भविष्य की लड़ाई लड़ रहे हैं। लेकिन प्रशासन छात्रों को सुनने के बजाय उन पर FIR कर रहा है। मोदी सरकार की नीति ही युवाओं की आवाज़ दबाना है। जब मैंने छात्रों की बात को सुनने के लिए प्रयागराज आने का फैसला किया, तब से प्रशासन मेरे कार्यक्रम को हर संभव तरीके से रोकने की कोशिश कर रहा है।
