खील से बनाएं स्वादिष्ट कटलेट: आसान रेसिपी
खील के कटलेट बनाने की विधि
दिवाली के बाद हर घर में खील बची रहती है। अक्सर लोग डिब्बे में पड़ी खील को खाना पसंद नहीं करते हैं। लेकिन अब आप इसे एक टेस्टी डिश में बदल सकते हैं।
बची हुई खील से आप केवल 15 से 20 मिनट में चटपटे और कुरकुरे कटलेट बना सकते हैं, जिन्हें बच्चे भी खुशी से खाएंगे।
खील कटलेट के लिए आवश्यक सामग्री
इसे बनाना बेहद सरल है, और इसके लिए आपको बाजार से कुछ भी लाने की आवश्यकता नहीं है। आइए जानते हैं कि इसे बनाने के लिए क्या चाहिए-
सामग्री
खील- 1 से 2 कप
उबले आलू- 1 से 2, अच्छे से मैश किए हुए
प्याज- 1, बारीक कटा हुआ
हरी मिर्च- 1 से 2, बारीक कटी हुई
अदरक- 1 छोटा टुकड़ा, कद्दूकस किया हुआ
हरा धनिया- थोड़ा सा, बारीक कटा हुआ
नमक- स्वादानुसार
लाल मिर्च पाउडर- आधा चम्मच
गरम मसाला- आधा चम्मच
चाट मसाला या अमचूर पाउडर- आधा चम्मच
हल्दी- 1 चुटकी
कोटिंग के लिए- कॉर्नफ्लोर या सूजी या ब्रेड क्रम्ब्स या चावल का आटा
तलने के लिए- तेल
खील के कटलेट बनाने की प्रक्रिया
- सबसे पहले खील को एक बड़े बर्तन में डालकर 1 से 5 मिनट के लिए पानी में भिगो दें। जब खील नरम हो जाए, तो इसे छलनी में निकालकर अतिरिक्त पानी निकाल लें। ध्यान रखें कि खील में ज्यादा पानी न रहे, अन्यथा कटलेट टूट सकते हैं।
- अब एक बर्तन में भीगी हुई खील, मैश किए हुए आलू, कटा प्याज, हरी मिर्च, अदरक और हरा धनिया डालें। इसमें नमक, लाल मिर्च, गरम मसाला, चाट मसाला और हल्दी डालकर अच्छे से मिलाएं। मिश्रण को ऐसे मिलाएं जैसे आटा गूंथते हैं। यह न ज्यादा गीला हो और न ज्यादा सूखा। यदि गीला लगे तो थोड़ी सूजी मिला लें।
- अब हाथों पर थोड़ा तेल लगाकर मिश्रण का थोड़ा-सा हिस्सा लें और उसे गोल या अंडे के आकार में दबाकर कटलेट बना लें। फिर इन कटलेट को हल्के से कॉर्नफ्लोर या सूजी में लपेट लें।
- एक कड़ाही में तेल डालकर गर्म करें। फिर आंच को मध्यम रखें। अब एक-एक करके कटलेट डालें और दोनों तरफ से सुनहरा होने तक तलें। यदि आप कम तेल में खाना पसंद करते हैं, तो इन्हें तवे पर भी सेक सकते हैं। कटलेट को गर्मागर्म हरी धनिया की चटनी, इमली की चटनी या टोमेटो केचप के साथ परोसें।
