बचे हुए सब्जियों से बनाएं स्वादिष्ट ढाबा स्टाइल मिक्स्ड वेज
किचन हैक:
फ्रीज में पड़ी बची हुई सब्जियों को फेंकने के बजाय, उन्हें एक स्वादिष्ट और पौष्टिक डिश में बदल सकते हैं। बीटरूट, मटर, आलू, गोभी, पत्तागोभी, बीन्स, प्याज और टमाटर का यह अनोखा मिश्रण न केवल खाने का स्वाद बढ़ाएगा, बल्कि बीटरूट के कारण इसका रंग भी आकर्षक होगा।
आवश्यक सामग्री
सब्जियां: 2 बड़े आलू, ½ गोभी का टुकड़ा, ½ कप बारीक कटी पत्तागोभी, ½ कप हरी मटर, 1 छोटा बीटरूट (छोटे टुकड़ों में कटा), 1 बारीक कटा प्याज, 2 मध्यम कटे टमाटर, कटी हुई बीन्स।
मसाले: ½ छोटा चम्मच जीरा, 1 तेजपत्ता, 1 हरी मिर्च (बारीक कटी), 1 चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, ½ चम्मच हल्दी पाउडर, 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1 चम्मच धनिया पाउडर, ½ चम्मच गरम मसाला, सब्जी मसाला।
अन्य: 2-3 बड़े चम्मच तेल, स्वादानुसार नमक, 1 चम्मच कस्तूरी मेथी, और हरा धनिया (गार्निशिंग के लिए)।
बनाने की विधि
सब्जियों को फ्राई करें: सबसे पहले एक कड़ाही में 1-2 चम्मच तेल गरम करें। इसमें आलू, गोभी, बीटरूट, बीन्स और पत्तागोभी को हल्का सुनहरा और 70% तक पकने तक भूनकर एक प्लेट में निकाल लें।
मसाला तैयार करें: उसी कड़ाही में बचा हुआ तेल डालें। जीरा और तेजपत्ता तड़काएं। खुशबू के लिए एक चुटकी हींग डालें। कटा हुआ प्याज और हरी मिर्च डालकर हल्का गुलाबी होने तक भूनें। इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर 1 मिनट तक चलाएं।
टमाटर और मसाले मिलाएं: कड़ाही में कटे हुए टमाटर, नमक, हल्दी, लाल मिर्च और धनिया पाउडर डालें। साथ में गरम मसाला और सब्जी मसाला डालकर तब तक भूनें जब तक मिश्रण से तेल अलग न होने लगे।
सब्जियां पकाएं: अब भुनी हुई सब्जियां और हरी मटर को मसाले में अच्छी तरह मिलाएं। थोड़ा सा पानी छिड़कें, ढक्कन लगाएं और धीमी आंच पर 6-8 मिनट तक पकने दें।
अंतिम टच: जब सब्जियां पूरी तरह गल जाएं, तो ऊपर से मैंगी मसाला, हाथ से मसली हुई कस्तूरी मेथी (optional) और हरा धनिया डालकर मिला लें। गरमा-गरम ढाबा स्टाइल मिक्स्ड वेज तैयार है। इसे रोटी, पराठे या चावल के साथ परोसें।
