लावा ने लॉन्च किया नया शार्क 2 प्रो 5जी स्मार्टफोन, जानें फीचर्स और कीमत
लावा शार्क 2 प्रो 5जी का अनावरण
नई दिल्ली: भारतीय स्मार्टफोन निर्माता लावा इंटरनेशनल लिमिटेड ने अपनी शार्क श्रृंखला में नया स्मार्टफोन शार्क 2 प्रो 5जी पेश किया है, जिसकी कीमत 16,699 रुपये निर्धारित की गई है। इस फोन के साथ एक साल की हैंडसेट रिप्लेसमेंट वारंटी और एक्सेसरीज पर छह महीने की वारंटी भी दी जा रही है। इसके अलावा, लावा ने देशभर में फ्री सर्विस@होम की सुविधा भी उपलब्ध कराई है।
Lava Shark 2 Pro 5G की विशेषताएँ
कंपनी के अनुसार, इस स्मार्टफोन में 6.75 इंच का एचडी+ डिस्प्ले, 120 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट और 6000 एमएएच की बैटरी शामिल है। यह ऑक्टा-कोर यूनिसॉक टी8200 प्रोसेसर से संचालित है, जिसका AnTuTu स्कोर 5 लाख से अधिक है। इसमें 6 जीबी रैम के साथ 6 जीबी वर्चुअल रैम की सुविधा भी उपलब्ध है।
इसमें 128 जीबी की इंटरनल स्टोरेज है, जिसे माइक्रोएसडी कार्ड के माध्यम से 1 टीबी तक बढ़ाया जा सकता है। शार्क 2 प्रो 5जी में 50 मेगापिक्सल का एआई रियर कैमरा और 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा है। रियर कैमरे में नाइट मोड, एचडीआर, पोर्ट्रेट, फिल्म, प्रो मोड और मोशन फोटो जैसे फीचर्स शामिल हैं। इसके अलावा, डुअल-व्यू वीडियो और 2के वीडियो रिकॉर्डिंग की सुविधा भी उपलब्ध है। फोन को धूल और पानी के छींटों से बचाने के लिए आईपी64 रेटिंग प्राप्त है। यह आकाश ब्लू और नंदा सिल्वर रंगों में उपलब्ध है।
बैटरी और अन्य विशेषताएँ
यह स्मार्टफोन 6000 एमएएच की बैटरी के साथ आता है, जो 18 वॉट फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करता है। इसमें ड्यूल 5जी सिम, ब्लूटूथ 5.4 और हाइब्रिड सिम स्लॉट की सुविधा है। सुरक्षा के लिए इसमें साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर और फेस अनलॉक की सुविधा भी है। यह फोन एंड्रॉइड 16 पर कार्य करता है और इसमें लावा का एआई आधारित सहायक वायु एआई (Vayu AI) भी शामिल है। कंपनी इस फोन के लिए एक एंड्रॉयड ओएस अपग्रेड और दो साल के सुरक्षा अपडेट प्रदान करेगी।
