क्या आप भी 'लाइकिंग गैप' से जूझ रहे हैं? जानें इसके बारे में
लाइकिंग गैप: बातचीत के बाद की सोच
किसी से बातचीत के बाद उस वार्तालाप को बार-बार याद करना और अपनी कही गई बातों पर विचार करना एक सामान्य व्यवहार है। विशेषकर जब सामने वाले से यह स्पष्ट संकेत न मिले कि उन्हें आपसे बातचीत करके अच्छा लगा, तो कई लोग यह मान लेते हैं कि शायद उन्होंने कुछ गलत कहा या बातचीत में ठीक से नहीं कर पाए। इसके बाद वे खुद को ही जज करने लगते हैं। हालांकि, यह अक्सर हमारी सोच का परिणाम होता है। हम अपनी छोटी-छोटी गलतियों और झिझक पर जरूरत से ज्यादा ध्यान देते हैं, जबकि सामने वाला व्यक्ति उस बातचीत को एक अलग दृष्टिकोण से देख सकता है। मनोविज्ञान में इस स्थिति को 'लाइकिंग गैप' (Liking Gap) कहा जाता है.
लाइकिंग गैप क्या है?
थेरेपिस्ट जेफ्री मेल्टजर ने अपने इंस्टाग्राम वीडियो में इस अवधारणा को समझाया है। उनके अनुसार, लोगों को अक्सर यह लगता है कि बातचीत के बाद सामने वाला उन्हें उतना पसंद नहीं करता, जितना वे चाहते हैं। खासकर जब हम किसी नए व्यक्ति से मिलते हैं या बातचीत करते हैं, तब यह भावना अधिक होती है। 'लाइकिंग गैप' का अर्थ है कि हम अक्सर यह कम आंका करते हैं कि सामने वाला व्यक्ति हमें वास्तव में कितना पसंद करता है। हमें अपनी बातचीत की कमियां अधिक दिखाई देती हैं, जबकि दूसरे व्यक्ति को शायद वे कमियां उतनी महत्वपूर्ण नहीं लगतीं।
हम ऐसा क्यों सोचते हैं?
इसका एक कारण यह हो सकता है कि हम अपने मन में चल रहे डर, झिझक और नकारात्मक विचारों से पूरी तरह परिचित होते हैं, जबकि सामने वाला व्यक्ति इन विचारों से अनजान होता है। उदाहरण के लिए, यदि बातचीत के दौरान कोई बात ठीक से नहीं निकल पाई या कुछ सेकंड की चुप्पी रही, तो हम उस घटना को बार-बार याद कर सकते हैं। हमें लग सकता है कि सामने वाले ने इसे अजीब समझा होगा, लेकिन जरूरी नहीं कि उनका अनुभव भी ऐसा ही हो। बातचीत के बाद हम अक्सर अपनी 'परफॉर्मेंस' का विश्लेषण करने लगते हैं, इस दौरान हम उन चीजों पर ध्यान केंद्रित करते हैं जो हमें गलत लगीं और उन संकेतों को नजरअंदाज कर देते हैं, जो यह दर्शा सकते हैं कि बातचीत वास्तव में अच्छी रही।
ओवरथिंकिंग का रिश्तों पर प्रभाव
जब किसी व्यक्ति को लगातार यह लगता है कि सामने वाला उसे पसंद नहीं करता, तो वह बातचीत को बार-बार अपने दिमाग में दोहराता है। वह अपनी कही गई बातों का जरूरत से ज्यादा विश्लेषण करने लगता है और कई बार उस व्यक्ति से दोबारा बात करने या संपर्क करने से भी बचता है। ऐसा होने पर एक संभावित दोस्ती या नए रिश्ते की शुरुआत भी प्रभावित हो सकती है। यानी सिर्फ इस डर के कारण कि सामने वाला हमें पसंद नहीं करता, हम खुद ही उससे दूरी बना सकते हैं।
अगली बार खुद को जज न करें
यदि किसी बातचीत के बाद आपको लगे कि सामने वाले को आप पसंद नहीं आए, तो बिना किसी ठोस संकेत के तुरंत निष्कर्ष निकालने से बचें। हो सकता है कि आप अपनी बातचीत की छोटी-छोटी कमियों पर जरूरत से ज्यादा ध्यान दे रहे हों। सामने वाले को यह अवसर दें कि वह अपने व्यवहार से बताए कि वह आपके बारे में क्या सोचता है। संभव है कि बातचीत का उनका अनुभव आपकी कल्पना से बिल्कुल भिन्न हो और उन्हें आपके साथ समय बिताना अच्छा लगा हो।
