अनुलोम-विलोम प्राणायाम: तनाव और सांस की समस्याओं का सरल समाधान
तनाव और चिंता से राहत के लिए अनुलोम-विलोम
नई दिल्ली: आजकल की तेज़ रफ्तार जिंदगी में तनाव, चिंता और नींद की समस्याएं आम हो गई हैं। ऐसे में 'अनुलोम-विलोम' प्राणायाम एक सरल और प्रभावी उपाय साबित हो सकता है। इसके नियमित अभ्यास से मानसिक शांति, संतुलन और शारीरिक कार्यक्षमता में सुधार होता है।
अनुलोम-विलोम एक प्रमुख प्राणायाम है, जिसमें एक नासिका से सांस लेने और दूसरी से छोड़ने की प्रक्रिया होती है। इसे नाड़ी शोधन प्राणायाम भी कहा जाता है, जो तनाव को कम करने, मन को शांति देने और श्वसन व रक्त संचार में सुधार करने में मदद करता है। यही कारण है कि इसे सभी उम्र के लोग आसानी से कर सकते हैं।
भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के अनुसार, अनुलोम-विलोम एक नियंत्रित और समान नासिका श्वसन विधि है, जो मानसिक शांति, तनाव और चिंता को कम करने में सहायक है।
यह प्राणायाम सरल होते हुए भी अत्यंत प्रभावशाली है। इसके नियमित अभ्यास से श्वास की लय संतुलित होती है और फेफड़ों की क्षमता में वृद्धि होती है। इससे खांसी, सांस फूलने, जुकाम, एलर्जी और अन्य श्वसन संबंधी समस्याओं में राहत मिलती है।
लगातार खांसी अक्सर गले में खराश, बलगम या एलर्जी के कारण होती है। अनुलोम-विलोम से श्वसन नली की सफाई होती है, बलगम निकलने में मदद मिलती है और गले की जलन कम होती है। अस्थमा में सांस की नली सिकुड़ जाती है, लेकिन इस प्राणायाम से फेफड़ों की क्षमता बढ़ती है और सांस की नलियां खुलती हैं।
शुरुआती अभ्यासकर्ताओं को सलाह दी जाती है कि वे सांस लेने और छोड़ने की गति को धीमा, सहज और समान रखें। इससे नासिका के रास्ते खुलते हैं और नाक बंद होना, छींक आना और सिर भारी लगना कम होता है। नियमित अभ्यास से फेफड़े धूल और प्रदूषण के प्रति अधिक सहनशील हो जाते हैं, जिससे बार-बार होने वाली छींक और सांस की तकलीफ में आराम मिलता है।
