अष्टावक्रासन से पहले इन 5 योगासनों का अभ्यास करें
अष्टावक्रासन का महत्व और पूर्व अभ्यास
नई दिल्ली: योग में कई ऐसे आसन हैं जो शरीर की लचीलापन, मांसपेशियों की मजबूती और संतुलन में सुधार करते हैं। इनमें से एक महत्वपूर्ण आसन है अष्टावक्रासन। यह एक एडवांस योगासन है, जिसमें शरीर का पूरा भार हाथों पर रखा जाता है। इस आसन को करते समय हाथों, कंधों, कलाई, पेट और पैरों की मांसपेशियों पर काफी जोर पड़ता है। इसलिए, बिना उचित तैयारी के इसे करने से चोट लगने का खतरा हो सकता है। अष्टावक्रासन का अभ्यास शुरू करने से पहले कुछ सरल और आवश्यक योगासनों का अभ्यास करना फायदेमंद होता है।
मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान (एमडीएनआईवाई) ने अष्टावक्रासन के पूर्व अभ्यास के लिए पांच महत्वपूर्ण योगासनों की जानकारी दी है।
पहला आसन है चतुरंग दंडासन, जो शरीर के ऊपरी हिस्से को मजबूत बनाने में मदद करता है। इसमें हाथों, कंधों, छाती और पेट की मांसपेशियों पर काम होता है। इसके नियमित अभ्यास से हाथों में ताकत और शरीर को स्थिर रखने की क्षमता विकसित होती है।
दूसरा आसन है नौकासन, जो पेट की मांसपेशियों को मजबूत करने के लिए जाना जाता है। इस आसन में शरीर का संतुलन बनाए रखना आवश्यक होता है, जिससे कोर मसल्स सक्रिय होती हैं। अष्टावक्रासन में भी पेट और कमर की मांसपेशियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, इसलिए नौकासन का अभ्यास शरीर को तैयार करने में सहायक हो सकता है।
तीसरा आसन बकासन है, जो संतुलन आधारित है। इसमें दोनों हाथों पर शरीर का भार संभालते हुए पैरों को जमीन से ऊपर उठाया जाता है। इससे कलाई, हाथों और कंधों को मजबूती मिलती है, साथ ही शरीर का संतुलन बनाने और एकाग्रता बढ़ाने का अभ्यास भी होता है।
चौथा आसन फलकासन है, जिसे प्लैंक पोज भी कहा जाता है। इसमें शरीर को सिर से एड़ी तक एक सीध में रखना होता है। यह पेट, कंधों, हाथों और पीठ की मांसपेशियों को मजबूत बनाने में मदद करता है। अष्टावक्रासन के दौरान शरीर को संभालने के लिए आवश्यक ताकत विकसित करने में यह सहायक हो सकता है।
पांचवां आसन उत्तान पृष्ठासन है, जो शरीर के कूल्हों, जांघों और कंधों को स्ट्रेच करने वाला है। इसके अभ्यास से शरीर में लचीलापन बढ़ाने और मांसपेशियों के खिंचाव को बेहतर बनाने में मदद मिलती है। अष्टावक्रासन में पैरों और हाथों के बीच बेहतर तालमेल की आवश्यकता होती है, इसलिए यह आसन भी उपयोगी हो सकता है।
अष्टावक्रासन एक चुनौतीपूर्ण आसन है, इसलिए इसे करने से पहले शरीर को अच्छी तरह वार्मअप करना आवश्यक है। शुरुआत में सभी पूर्व अभ्यास अपनी क्षमता के अनुसार करें। किसी भी आसन के दौरान दर्द या असहजता महसूस होने पर जबरदस्ती न करें। शुरुआत में योग प्रशिक्षक की देखरेख में अभ्यास करना बेहतर होता है। नियमित अभ्यास और सही तकनीक से धीरे-धीरे शरीर को इस कठिन आसन के लिए तैयार किया जा सकता है।
