गणेश उत्सव पर बनाएं गुलाब की बर्फी: आसान विधि और सामग्री
गणेश उत्सव के लिए गुलाब की बर्फी
गणेश उत्सव के दौरान भक्त बप्पा को प्रसन्न करने के लिए विभिन्न मिठाइयों और मोदक का भोग अर्पित करते हैं। इस समय देशभर में गणेश उत्सव की धूम मची हुई है। बप्पा को सबसे प्रिय मोदक होता है, और आपने भी कई प्रकार के मोदक का भोग अर्पित किया होगा। आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि कैसे आप गणपति जी के लिए गुलाब की बर्फी बना सकते हैं। यह मिठाई बनाने में बेहद सरल है और इसकी मिठास और सुगंध अद्भुत होती है।
गुलाब की बर्फी के लिए आवश्यक सामग्री
- मिल्क पाउडर- 2 कप
- दूध- 1 कप
- पिसी हुई चीनी- 1/2 कप
- गुलाब का शरबत- 2 बड़े चम्मच
- गुलाब का एसेंस- 2-3 बूंद (वैकल्पिक)
- घी- 1 छोटा चम्मच
- पिस्ता- 1-2 बड़े चम्मच (बारीक कटा हुआ)
- सूखी गुलाब की पंखुड़ियां- 1 बड़ा चम्मच
- घी- प्लेट चिकनी करने के लिए
गुलाब की बर्फी बनाने की विधि
- सबसे पहले एक प्लेट या छोटी ट्रे लें और उसमें हल्का सा घी लगाकर चिकना कर लें। इसे एक तरफ रख दें।
- अब एक भारी तले वाली कड़ाही में दूध डालकर धीमी से मध्यम आंच पर गर्म करें। जब दूध थोड़ा गर्म हो जाए, तो इसमें मिल्क पाउडर डालें। इसे लगातार चलाते रहें ताकि गुठलियां न बनें। मिश्रण को तब तक पकाएं जब तक यह गाढ़ा न हो जाए।
- अब इसमें पिसी हुई चीनी डालें और अच्छे से मिला लें। चीनी डालने के बाद मिश्रण गीला हो जाएगा। इसे लगातार चलाते रहें। ध्यान रखें कि आंच तेज न हो, अन्यथा मिश्रण कड़ाही के नीचे चिपक सकता है।
- अब इसमें गुलाब का शरबत डालें। इससे बर्फी में गुलाब का स्वाद और रंग आएगा। यदि आप अधिक गुलाब की खुशबू चाहते हैं, तो गुलाब का एसेंस डाल सकते हैं, लेकिन ध्यान रखें कि इसे अधिक न डालें।
- मिश्रण को लगातार चलाते रहें। जब यह कड़ाही को छोड़ने लगेगा और गाढ़ा हो जाएगा, तब गैस बंद कर दें।
- इस मिश्रण को घी लगी प्लेट या ट्रे में डालें। फिर इसे दबा दें ताकि बाद में बर्फी काटते समय ऊपर से गुलाब की सूखी पंखुड़ियां और कटे हुए पिस्ते डाल सकें।
- मिश्रण को कमरे के तापमान पर ठंडा होने दें। फिर इसे फ्रिज में रखकर अच्छी तरह सेट होने दें। जब बर्फी जम जाए, तो इसे मनचाहे आकार में काट लें।
- आपकी गुलाब की खुशबू वाली नरम और स्वादिष्ट बर्फी तैयार है। इसे आप बप्पा को भोग में चढ़ा सकती हैं और परिवार के साथ प्रसाद के रूप में बांट सकती हैं।
