पंजाब में शेर-ए-पंजाब ट्वेंटी-20 लीग का ऐलान, 450 से अधिक खिलाड़ी होंगे शामिल
शेर-ए-पंजाब ट्वेंटी-20 लीग का उद्घाटन
*9 अगस्त को नीलामी में 450 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान
*नशे के खिलाफ लड़ाई में खेलों की भूमिका महत्वपूर्ण: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान
*लीग के उद्घाटन पर स्टार खिलाड़ी अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह, प्रभसिमरन सिंह और रमनदीप सिंह उपस्थित रहे
चंडीगढ़: पंजाब में आईपीएल की तर्ज पर एक नई ट्वेंटी-20 लीग की शुरुआत होने जा रही है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज ‘शेर-ए-पंजाब ट्वेंटी-20 लीग’ की घोषणा की, जिसमें छह फ्रेंचाइजी टीमें शामिल होंगी। इस लीग में पंजाब के प्रमुख क्रिकेटर जैसे शुभमन गिल, अर्शदीप सिंह, अभिषेक शर्मा, प्रभसिमरन सिंह, रमनदीप सिंह और गुरनूर बराड़ खेलेंगे। यह लीग 30 अगस्त से 13 सितंबर तक मोहाली के पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। 9 अगस्त को होने वाली नीलामी में 450 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे, जिससे युवा प्रतिभाओं को स्थापित खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर भारतीय क्रिकेटर अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह, प्रभसिमरन सिंह और रमनदीप सिंह भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब ने हमेशा देश को प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं और सरकार खेलों के माध्यम से युवाओं को जोड़ने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने खेलों को नशे के खिलाफ मुहिम में सबसे प्रभावी हथियार बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा, “शेर-ए-पंजाब ट्वेंटी-20 लीग के खिलाड़ियों से मिलकर खुशी हुई। पंजाब की धरती ने हमेशा देश को नामवर खिलाड़ी दिए हैं। हमारी सरकार युवाओं को खेलों से जोड़ने और खेलों के क्षेत्र में पंजाब को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इस लीग में छह टीमें भाग लेंगी और सभी मैच 30 अगस्त से 13 सितंबर तक पीसीए स्टेडियम, मोहाली में होंगे।”
इस लीग को “पंजाब का अपना आईपीएल” बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ बैठक में तय हुआ कि इस लीग में छह फ्रेंचाइजी टीमें होंगी। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल ‘फाजिल्का फाल्कन्स’ का प्रतिनिधित्व करेंगे, अर्शदीप सिंह ‘लुधियाना लायंस’ के लिए, अभिषेक शर्मा ‘अमृतसर सूरमाज’ के लिए, प्रभसिमरन सिंह ‘जालंधर वॉरियर्स’ के लिए, रमनदीप सिंह ‘मोहाली किंग्स’ के लिए और गुरनूर बराड़ ‘बठिंडा रॉयल्स’ के लिए खेलेंगे। ये खिलाड़ी टूर्नामेंट की शान बढ़ाएंगे। यह लीग 30 अगस्त से 13 सितंबर तक आयोजित की जाएगी, जिसके सभी मैच मोहाली के पीसीए क्रिकेट स्टेडियम में होंगे।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “पंजाब इस समय भारतीय क्रिकेट टीम की रीढ़ है, जिसमें 21 खिलाड़ी आईपीएल में खेल रहे हैं। ये सभी खिलाड़ी अब पंजाब की अपनी लीग का आकर्षण बनेंगे। पंजाब क्रिकेट लीग में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ी पंजाब के ही होंगे।”
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बताया, “इस उद्देश्य के लिए 450 से अधिक खिलाड़ियों का एक पूल तैयार किया गया है, जो 9 अगस्त को होने वाली नीलामी में भाग लेंगे। इनमें अनमोलप्रीत सिंह, मयंक मारकंडे, नमन धीर, विहान मल्होत्रा, इमानजोत सिंह चहल, अश्वनी कुमार और कृष भगत जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं। यह लीग राउंड-रॉबिन आधार पर खेली जाएगी, जिसमें प्रत्येक टीम आठ लीग मैच खेलेगी।”
उन्होंने कहा, “यह लीग पंजाब के युवा खिलाड़ियों को एक बड़े मंच पर खेलने का महत्वपूर्ण अनुभव प्रदान करेगी और उन्हें स्थापित खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनका अनुभव बढ़ेगा। पंजाब में नशे के खिलाफ व्यापक मुहिम चलाई जा रही है और खेल इस लड़ाई में सबसे बड़ा हथियार हैं।”
मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया, “राज्यभर में ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ के तहत खेल प्रतियोगिताएं हर वर्ष सफलतापूर्वक आयोजित की जा रही हैं। इसी तरह राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए 3,100 से अधिक खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं। पंजाब अक्टूबर-नवंबर में पहली बार ‘हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी’ की मेज़बानी करेगा और अब राज्य की अपनी क्रिकेट लीग भी शुरू होने जा रही है।”
इस अवसर पर पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के प्रधान अमरजीत मेहता, सचिव एवं सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर और उप प्रधान दीपक बाली ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को सम्मान स्वरूप लीग के लोगो वाली टी-शर्ट भेंट की।
इस अवसर पर भारतीय टीम के खिलाड़ियों अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह, प्रभसिमरन सिंह और रमनदीप सिंह ने भी मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को सम्मान स्वरूप क्रिकेट बैट और गेंद भेंट की।
