महात्मा गांधी की जयंती: जानें उनके जीवन के 10 प्रेरणादायक विचार
महात्मा गांधी की जयंती का महत्व
नई दिल्ली: आज 2 अक्टूबर को हम महात्मा गांधी की जयंती मनाते हैं। 1869 में इसी दिन गुजरात के पोरबंदर में मोहनदास करमचंद गांधी का जन्म हुआ था। इस अवसर पर देशभर के स्कूल, कॉलेज और सरकारी कार्यालयों में लोग श्रद्धा के साथ अपने 'बापू' को याद करते हैं। गांधी जी का संघर्ष दक्षिण अफ्रीका में रंगभेद के खिलाफ शुरू हुआ, जो बाद में भारत की स्वतंत्रता की लड़ाई में बदल गया। चंपारण सत्याग्रह, असहयोग आंदोलन, दांडी मार्च और 'भारत छोड़ो' जैसे आंदोलनों में उन्होंने देश का नेतृत्व किया। सबसे आश्चर्यजनक बात यह है कि उन्होंने दुनिया की सबसे शक्तिशाली सरकार को बिना हथियार के, सत्य और अहिंसा के माध्यम से झुकने पर मजबूर किया।
गांधी जी के विचार
गांधी जी का जीवन साधारण था, लेकिन उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। चाहे बुजुर्ग हों या युवा पीढ़ी, हर कोई उनकी सीख से कुछ न कुछ सीखता है। उनका संदेश स्पष्ट था: यदि इरादा मजबूत हो, तो बड़ी से बड़ी कठिनाई को पार किया जा सकता है।
जीवन को बदलने वाले 10 विचार
1. खुद से शुरुआत करें: जो बदलाव आप दुनिया में देखना चाहते हैं, पहले उसे अपने जीवन में लागू करें।
2. विनम्रता की ताकत: शांत और विनम्र रहकर भी आप दुनिया को प्रभावित कर सकते हैं।
3. अहिंसा बहादुरी है: यह कमजोरों का रास्ता नहीं, बल्कि साहसी लोगों का मार्ग है।
4. सीखते रहें: ऐसे जिएं जैसे कल आपका आखिरी दिन हो, लेकिन सीखते रहें जैसे आप हमेशा जीने वाले हैं।
5. असली ताकत: इंसान की असली ताकत उसके अटूट इच्छाशक्ति में होती है।
6. माफ करना सीखें: गलती से नफरत करें, गलती करने वाले से नहीं। माफ करना मजबूत लोगों की पहचान है।
7. सेवा में है पहचान: दूसरों की सेवा करना खुद को पाने का सबसे अच्छा तरीका है।
8. सोच बनाती है इंसान: हम जैसा सोचते हैं, धीरे-धीरे वैसे ही बन जाते हैं।
9. लालच पर लगाम: धरती सभी की जरूरतें पूरी कर सकती है, लेकिन किसी एक के लालच को नहीं।
10. सच्ची आजादी: जिस आजादी में गलती करने और उससे सीखने का अधिकार न हो, वह अधूरी है।
गांधी जी के ये विचार केवल किताबों में नहीं, बल्कि हमारे दैनिक जीवन में भी उपयोगी हैं। इस गांधी जयंती पर यदि हम इनमें से एक भी विचार को अपनाते हैं, तो यही बापू को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
