चंडीगढ़ में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रशासक से लंबित मांगों पर चर्चा की

प्रशासक से मुलाकात
(चंडीगढ़ समाचार) चंडीगढ़। पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अरुण सूद के नेतृत्व में ऑल कांट्रैक्टचुअल कर्मचारी संघ भारत के सदस्यों ने विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर पंजाब के राज्यपाल और प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से अपनी समस्याएं साझा कीं। इस अवसर पर, उन्होंने गांवों में प्राइवेट प्राइमरी और सेकेंडरी स्कूलों के संचालन, कांट्रैक्ट और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की नौकरी की सुरक्षा, बिजली विभाग में 17 लोअर डिविजन क्लर्कों को कामन कैडर में मर्ज करने, और ओला-उबर कैब ड्राइवरों की समस्याओं पर चर्चा की।
प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं का समाधान जल्द करने का आश्वासन दिया। इस मुलाकात में अरुण सूद के अलावा सतिंदर सिंह सिद्धू, बिपिन शेर सिंह, बलविंदर सिंह, निशांत, और सुमित छाबड़ा भी शामिल थे। आल कांट्रैक्टचुअल कर्मचारी संघ भारत के चेयरमैन बिपिन शेर सिंह ने चंडीगढ़ प्रशासन और म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन में कार्यरत कर्मचारियों की नौकरी की सुरक्षा के लिए चर्चा करने पर प्रशासक का आभार व्यक्त किया।
प्रतिनिधियों ने अरुण सूद का भी धन्यवाद किया, जो हमेशा जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत रहते हैं।