हरिद्वार में निर्जला एकादशी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़
हरिद्वार में निर्जला एकादशी का स्नान पर्व
उत्तराखंड: धर्मनगरी हरिद्वार में निर्जला एकादशी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए हर की पैड़ी पहुंच रहे हैं। सुबह से ही हर की पैड़ी और अन्य गंगा घाट श्रद्धालुओं से भरे हुए हैं। इस स्नान पर्व के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पूरे मेला क्षेत्र को 4 सुपर जोन, 12 जोन और 30 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। पुलिस बल की पर्याप्त संख्या तैनात की गई है। पिछले सोमवती अमावस्या के स्नान पर्व पर उमड़ी भीड़ को देखते हुए सभी तैयारियां की गई हैं। उम्मीद है कि दिन में श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि होगी और शाम को गंगा आरती तक लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान करेंगे.
ज्येष्ठ मास की शुक्ल पक्ष में आने वाली एकादशी को निर्जला एकादशी कहा जाता है। मान्यता है कि इस दिन गंगा स्नान करने के बाद जल और अन्न का दान करने से एक सहस्र अश्वमेघ यज्ञ के बराबर पुण्यफल प्राप्त होता है। पंडित मनोज त्रिपाठी के अनुसार, साल में 24 एकादशी होती हैं। पुराणों के अनुसार, सभी एकादशी का व्रत करने से पुण्यफल की प्राप्ति होती है। यदि कोई सभी एकादशियों का व्रत नहीं कर पाया, तो वह निर्जला एकादशी का व्रत करके पूरे 24 एकादशियों के बराबर पुण्य प्राप्त कर सकता है। यह व्रत रखने और गंगा स्नान करने से भगवान नारायण की विशेष कृपा प्राप्त होती है.
इसी कारण, दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश और हरियाणा जैसे कई राज्यों से श्रद्धालु हरिद्वार पहुंच रहे हैं। पुण्यलाभ की कामना लेकर दूर-दूर से आए श्रद्धालु मां गंगा में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। श्रद्धालु गंगा तट पर स्नान और दान पुण्य कर पुण्यलाभ की कामना कर रहे हैं। सोमवती अमावस्या के स्नान पर्व की तरह, निर्जला एकादशी के स्नान पर्व के लिए भी प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पूरे मेला क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। रूट डाइवर्जन योजना लागू की गई है और दिन में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है.
बता दें कि पिछले सप्ताह सोमवती अमावस्या के स्नान पर्व पर हरिद्वार में लगभग 75 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया था। उम्मीद है कि निर्जला एकादशी पर भी लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान करेंगे। इसलिए हरिद्वार में प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। हालांकि, सोमवती अमावस्या जून के वीकेंड पर पड़ा था, जिससे रिकॉर्ड तोड़ भीड़ हरिद्वार में उमड़ी थी.
