Newzfatafatlogo

स्वाति मालीवाल से मारपीट मामले में 30 घंटे बाद भी कार्रवाई क्यों नहीं: भाजपा

 | 
स्वाति मालीवाल से मारपीट मामले में 30 घंटे बाद भी कार्रवाई क्यों नहीं: भाजपा
स्वाति मालीवाल से मारपीट मामले में 30 घंटे बाद भी कार्रवाई क्यों नहीं: भाजपा


नई दिल्ली, 14 मई (हि.स.)। आम आदमी पार्टी की सांसद स्वाति मालीवाल के साथ दिल्ली के मुख्यमंत्री आवास पर हुई मारपीट के मामले में भारतीय जनता पार्टी मुखर हो गई है। आम आदमी पार्टी की ओर से घटना को स्वीकार किए जाने के बाद भाजपा ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को निशाने पर लेते हुए पूछा है कि 30 घंटे बीत जाने पर भी अबतक विभव कुमार पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई।

दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विरेन्द्र सचदेवा ने कहा है कि मामला बेहद गंभीर है और आम आदमी पार्टी कह रही है कि इस पर संज्ञान लिया गया है। यह आम आदमी पार्टी की संवदेनहीनता दर्शाती है। घटना के तुरंत बाद ही पुलिस को बुलाया जाना चाहिए था। राजनीतिक दवाब के कारण स्वाति मालीवाल चुप हैं और मामले को दबाया जा रहा है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। विभव कुमार मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बेहद करीबी हैं। उन पर कार्रवाई नहीं हो सकती। वे मुख्यमंत्री के घोटालों के राजदार हैं। उधर, महिलाओं की आवाज उठाने वाली स्वाति मालीवाल भी अपना राजनीतिक नफा-नुकसान देख रही हैं। उन्हें इस पर खुलकर बात रखनी चाहिए।

भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने घटनाक्रम के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दोषी ठहराया है। उनका कहना है कि पुलिस को की गई कॉल में स्वाति मालीवाल ने स्वयं कहा था कि उनके साथ मुख्यमंत्री के कहने पर मारपीट की गई है। आम आदमी पार्टी कह रही है कि मुख्यमंत्री कार्रवाई करेंगे। आपराधिक मामले में मुख्यमंत्री कैसे कार्रवाई करेंगे, यह पुलिस का काम है।

हिन्दुस्थान समाचार/ अनूप/दधिबल