CIA पर साइबर हमले से बढ़ी सुरक्षा चिंताएं, हैकर्स ने चुराया डेटा
साइबर हमले से CIA की सुरक्षा पर सवाल
वॉशिंगटन: मिडिल ईस्ट में ईरान के साथ चल रहे संघर्ष और मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की हार के बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार को एक नई चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। अमेरिका की केंद्रीय खुफिया एजेंसी (CIA) पर हुए साइबर हमले ने सुरक्षा तंत्र में हड़कंप मचा दिया है। हैकरों ने डेटाबेस में सेंध लगाकर सोशल मीडिया, सैटेलाइट इमेज और अन्य सार्वजनिक जानकारियों को चुरा लिया है। इस हमले का असर ऑफिस ऑफ द डायरेक्टर ऑफ नेशनल इंटेलिजेंस (ODNI) पर भी पड़ा है, जिससे अमेरिकी खुफिया नेटवर्क की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
अमेरिकी खुफिया एजेंसियां वैश्विक खतरों की पहचान और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को एकत्रित करने का कार्य करती हैं। ऐसे में खुफिया तंत्र में सेंधमारी को अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए एक गंभीर चिंता माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि इस साइबर हमले के पीछे कौन है। हैकरों ने सिस्टम में किस प्रकार और कब सेंध लगाई, इसकी जांच की जा रही है। CIA के सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी के बाद इस हमले का पता चला। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी कृषि विभाग के डेटाबेस से भी जानकारियां चोरी हुई हैं। FBI के डेटाबेस को दो बार हैक करने का प्रयास किया गया है। पेंटागन और अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग भी इस साइबर हमले से प्रभावित बताए जा रहे हैं।
हैकरों ने नेशनल क्राइम इंफॉर्मेशन सेंटर (NCIC) के डेटाबेस को भी निशाना बनाया है। इस डेटाबेस के माध्यम से अमेरिका की संघीय, राज्य और क्षेत्रीय कानून प्रवर्तन एजेंसियां आपस में सूचनाओं का आदान-प्रदान करती हैं। ऐसे संवेदनशील सिस्टम पर हमले से सुरक्षा एजेंसियों के बीच सूचना साझा करने की व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
CIA पहले भी कई बड़े साइबर हमलों और सूचनाओं के लीक होने की घटनाओं का सामना कर चुकी है। वर्ष 2016-17 में हुआ वॉल्ट-7 (Vault 7) लीक इसका सबसे चर्चित मामला है, जिसमें CIA के साइबर हथियारों और निगरानी तकनीकों से जुड़े गोपनीय दस्तावेज लीक हुए थे। CIA के पूर्व कर्मचारी जोशुआ शुल्टे पर इन दस्तावेजों को चुराकर विकिलीक्स को देने का आरोप लगा था।
इससे पहले, वर्ष 2015 में तत्कालीन CIA निदेशक जॉन ब्रेनन का निजी ईमेल अकाउंट भी हैक किया गया था। हैकरों ने सोशल इंजीनियरिंग तकनीक का उपयोग करके उनके ईमेल अकाउंट तक पहुंच बनाई थी। इस घटना में CIA के आधिकारिक नेटवर्क पर सीधा हमला नहीं हुआ था, लेकिन कई महत्वपूर्ण जानकारियां लीक हो गई थीं।
CIA से जुड़ी एक अन्य बड़ी सुरक्षा चूक वर्ष 2009 से 2013 के बीच सामने आई थी, जब हैकरों ने CIA के अधिकारियों के गुप्त नेटवर्क में सेंध लगाई थी। यह घटना साइबर हमले से अधिक खुफिया संचार व्यवस्था की सुरक्षा में हुई गंभीर चूक से जुड़ी थी।
