Newzfatafatlogo

कानपुर: राम मंदिर पर अभद्र टिप्पणी करने वाला गिरफ्तार

 | 
कानपुर: राम मंदिर पर अभद्र टिप्पणी करने वाला गिरफ्तार


कानपुर, 11 जनवरी (हि.स.)। भाजपा और राम मंदिर पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वाले आरोपित विशाल व्यास को रावतपुर पुलिस ने शनिवार को उसके घर से गिरफ्तार किया है। आरोपित ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से राम मंदिर और मौजूदा सरकार पर अभद्र टिप्पणी करते हुए एक पोस्ट किया था।

सोशल मीडिया के फेसबुक पर विशाल व्यास के अकाउंट से गुरुवार को एक वीडियो वायरल हुआ। युवक ने राम मंदिर, मौजूदा सरकार और देश की सेना के जवानों लिए भी काफी अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया है। यह वीडियो 56 सेकेण्ड का था। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए भाजपा कार्यकर्ता ने आरोपित युवक की पहचान करते हुए उसके खिलाफ रावतपुर थाना में एक रिपोर्ट दर्ज करायी थी। पुलिस ने मामले को दर्ज करते हुए आरोपित विशाल व्यास को ढूंढकर शनिवार को गिरफ्तार कर लिया।

सहायक पुलिस आयुक्त अभिषेक पांडेय ने बताया कि आरोपित विशाल व्यास पॉलिटेक्निक की पढ़ाई पूरी करने के बाद रोडवेज में संविदा कर्मचारी था। मई 2024 में उसके पैर में चोट लगने के कारण उसकी नौकरी छूट गयी थी। इस वजह से वह काफी परेशान रहता था। इसी के चलते उसने सोशल मीडिया के जरिये अपनी भड़ास निकाली थी। फिलहाल आरोपित पर अभियोग पंजीकृत कर कार्रवाई की गयी है। आगे उन्होंने कहा कि धार्मिक सौहार्द बनाये रखना पुलिस की बड़ी जिम्मेदारी है। ऐसे मामलों में सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी पूर्वक कार्य करें।

हिन्दुस्थान समाचार / Rohit Kashyap