Newzfatafatlogo

जमीनी विवाद काे लेकर दो गुटों में मारपीट, एक की मौत

 | 

ऊना, 11 जुलाई (हि.स.)। उपमंडल बंगाणा की हटली पंचायत के दनोह गांव में दो गुटों में मारपीट हो गई। मारपीट की इस वारदात में एक गुट के एक व्यक्ति बलदेव सिंह आयु 75 वर्ष की मृत्यु हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए हैं। घायलों में कश्मीर सिंह, जसविंदर कौर व मनोहर लाल शामिल हैं। घायलों में कश्मीर सिंह की हालत गंभीर है। कश्मीर सिंह को क्षेत्रीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया है। पुलिस के मुताबिक बलदेव सिंह व उसका परिवार अपनी जमीन में पानी की निकासी के लिए रास्ते को दुरुस्त कर रहा था कि दूसरे गुट के लोगों ने जमीन की खुदाई करने वाले औजारों व पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में घायल बलदेव सिंह व उसके परिवार के तीन अन्य सदस्यों को स्वजनों ने क्षेत्रीय अस्पताल बंगाणा में पहुंचा लेकिन चिकित्सकों की टीम ने जांच के बाद बलदेव सिंह मृत घोषित कर दिया।

हमले में कश्मीर सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है जबकि दो अन्य घायलों को भी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पंचायत में घटित इस घटना से समूचा गांव शोक में डूब गया। दूसरे गुट के लोगों के खिलाफ पुलिस की टीम ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक हमला करने वाले लोगों में अनिल कुमार, सुखदेव सिंह, दाताराम, कमला देवी शामिल हैं। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है।

इस संबंध में एएसपी संजीव भाटिया ने बताया कि जमीनी विवाद के चलते मारपीट में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई जबकि तीन घायल हैं। घायलों के बयान के मुताबिक चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल / उज्जवल शर्मा