HRTC के नए नियम: कंडक्टर अब 150 किमी से अधिक दूरी पर फ्रंट सीट पर बैठेंगे
HRTC के नए नियमों की जानकारी
शिमला: हिमाचल प्रदेश में 150 किमी से अधिक दूरी वाले सभी रूटों और रात्रि बस सेवाओं में कंडक्टर अब बस की फ्रंट सीट पर बैठेंगे। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने इस महत्वपूर्ण बदलाव की घोषणा की है। इसके अनुसार, सूर्यास्त के बाद चलने वाली सभी रात्रि बसों में कंडक्टरों को फ्रंट सीट पर बैठने की अनुमति दी जाएगी।
एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक निपुण जिंदल ने इस नए नियम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दिन के समय कम दूरी के रूटों पर कंडक्टरों को बस के पिछले दरवाजे के पीछे वाली अंतिम सीट पर बैठना होगा। 16 जुलाई 2014 के निर्देशों को निरस्त करते हुए नए नियमों को तुरंत प्रभाव से लागू किया गया है।
एचआरटीसी का कहना है कि यह निर्णय रात्रि बस सेवाओं और लंबे रूटों में कंडक्टर की सुविधा, परिचालन दक्षता और सतर्कता बढ़ाने के उद्देश्य से लिया गया है। हालांकि, कंडक्टरों को सभी यात्रियों को टिकट देने, बस के दरवाजे सुरक्षित बंद करवाने और अपनी सभी जिम्मेदारियों को पूरा करने के बाद ही निर्धारित सीट पर बैठने की अनुमति होगी।
यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, ड्राइवरों के लिए मोबाइल का उपयोग पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। ड्राइवर को अपनी ड्यूटी के दौरान मोबाइल पर बात करने की अनुमति नहीं होगी और उसे अपना मोबाइल साइलेंट मोड पर रखना होगा। आवश्यकता पड़ने पर फोन कंडक्टर के पास रहेगा।
एचआरटीसी ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई कंडक्टर 150 किमी से कम दूरी के डे-रूट पर नियमों का उल्लंघन करते हुए अगली सीट पर बैठा पाया गया, तो उस पर 2,000 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा।
