KGMU में शॉर्ट सर्किट से आग, 50 बच्चों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया गया
KGMU में आग लगने की घटना
लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) के सर्जरी विभाग में शुक्रवार की सुबह एक शॉर्ट सर्किट के कारण स्विच बोर्ड में आग लग गई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। आग के धुएं ने पीडियाट्रिक सर्जरी वार्ड को प्रभावित किया, जिसके चलते वहां भर्ती लगभग 50 बच्चों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करना पड़ा। इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
सूत्रों के अनुसार, पीडियाट्रिक सर्जरी यूनिट के पास अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग भड़क उठी। कुछ ही समय में धुआं पूरे वार्ड में फैल गया, जिससे बच्चों के परिजनों, डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही KGMU प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और प्रवक्ता डॉ. के.के. सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर, पीडियाट्रिक सर्जरी वार्ड में भर्ती सभी बच्चों को तुरंत दूसरे वार्ड में स्थानांतरित किया गया। इसके अलावा, आईसीयू में भर्ती बच्चों को भी सुरक्षित स्थान पर भेजा गया। इस दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण मरीजों को स्थानांतरित करने में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
सुरक्षा कर्मियों ने जल्दी ही आग पर काबू पा लिया। हालांकि, तीमारदारों ने आरोप लगाया कि घटना के समय न तो फायर अलार्म बजा और न ही परिसर में लगे अग्निशामक उपकरण सक्रिय हुए। उनका कहना था कि यदि अलार्म समय पर बजता, तो स्थिति को जल्दी संभाला जा सकता था। KGMU के प्रवक्ता डॉ. के.के. सिंह ने बताया कि स्विच बोर्ड में लगी आग पर तुरंत नियंत्रण पा लिया गया। धुएं के कारण बच्चों को प्रोटोकॉल के अनुसार दूसरे वार्ड में स्थानांतरित किया गया। सभी मरीज सुरक्षित हैं और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
