'कैल्शियम कार्बाइड' से पके आम लोगों की बिगाड़ रहे सेहत, घातक बीमारी की चपेट में आने का बढ़ा रहे खतरा
बहराइच, 11 जुलाई (हि.स.)। बाजार में आम की मिठास के साथ जहर भी बिक रहा है। ज्यादा मुनाफा कमाने की लालच में कच्चे आमों को प्रतिबंधित रसायन कैल्शियम कार्बाइड से पकाकर बेचा जा रहा है। बाहर से सुनहरे और आकर्षक दिखने वाले ये आम शरीर के लिए धीमे जहर का काम कर सकते हैं। चिकित्सकों का कहना है कि ऐसे आमों का लगातार सेवन पेट, लीवर और किडनी को नुकसान पहुंचाने के साथ कैंसर जैसी गम्भीर बीमारियों की वजह बन सकता है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, कार्बाइड से निकलने वाली गैस में हानिकारक तत्व मौजूद हो सकते हैं। यही कारण है कि ऐसे आम खाने के बाद लोगों को उल्टी, दस्त, पेट दर्द, सिरदर्द, चक्कर और एलर्जी जैसी शिकायतें होने लगती हैं। सबसे ज्यादा खतरा बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को रहता है।
खाद्य सुरक्षा और स्वास्थ्य विभाग समय-समय पर लोगों को सतर्क रहने की सलाह तो देता है, लेकिन ठोस कार्यवाही न किये जाने से ऐसे व्यापारियों के हौसले भी बुलन्द हैं। परिणाम स्वरूप कृत्रिम तरीके से पकाए गए आम बाजार में आसानी से बिक रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि थोड़ी-सी सावधानी बरतकर इस खतरे से बचा जा सकता है।
मेडिकल कॉलेज के जनरल फिजीशियन डॉ. अंशुमान सिंह बताते हैं कि कैल्शियम कार्बाइड से पकाए गए आम स्वास्थ्य के लिए बेहद नुकसानदेह हैं। इनके सेवन से पेट संबंधी रोग, उल्टी, दस्त, सिरदर्द, चक्कर, एलर्जी और लीवर-किडनी पर असर पड़ सकता है। ऐसे आमों से बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से बचाना चाहिए। फल खाने से पहले उन्हें अच्छी तरह धोना और कुछ देर पानी में भिगोना बेहतर रहता है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA
