Newzfatafatlogo

सूरत के पांच वर्षीय नीरव ने बनाया रिकॉर्ड, महज 1 मिनट 31 सेकंड में बताए गुजरात के सभी आरटीओ कोड

 | 
सूरत के पांच वर्षीय नीरव ने बनाया रिकॉर्ड, महज 1 मिनट 31 सेकंड में बताए गुजरात के सभी आरटीओ कोड


सूरत के पांच वर्षीय नीरव ने बनाया रिकॉर्ड, महज 1 मिनट 31 सेकंड में बताए गुजरात के सभी आरटीओ कोड


‘इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ में दर्ज हुआ नाम, छोटी उम्र में असाधारण स्मरणशक्ति का प्रदर्शन

सूरत, 08 सितंबर (हि.स.)। गुजरात के सूरत के निवासी नीरव कतारिया 5 वर्ष 11 माह के हैं। उन्होंने अपनी असाधारण स्मरणशक्ति के बल पर गुजरात का नाम रोशन किया है। नीरव ने मात्र 1 मिनट 31 सेकंड में गुजरात के सभी आरटीओ लोकेशन के कोड फर्राटे से बोलकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित की है। उनकी इस उपलब्धि को ‘इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ में दर्ज किया गया है।

नीरव की इस उपलब्धि के पीछे उनकी जिज्ञासु प्रवृत्ति और लगातार सवाल पूछने की आदत अहम रही। एक बार परिवार के साथ यात्रा के दौरान उन्होंने सड़क पर चल रही अलग-अलग गाड़ियों के नंबर प्लेट पर लिखे आरटीओ कोड देखे। उन्होंने माता-पिता से सवाल किया कि उनकी गाड़ी पर ‘GJ-5’ लिखा है, जबकि आगे चल रही गाड़ी पर ‘MH’ क्यों लिखा है? इस छोटे से सवाल ने उनकी जानकारी हासिल करने की रुचि को और बढ़ा दिया।

20 दिनों की तैयारी

नीरव की मां कृणाली कतारिया के अनुसार, नीरव में जिज्ञासा और सवाल पूछने की आदत अधिक है। करीब 20 दिनों में उसने गुजरात के सभी आरटीओ कोड याद कर लिए। इसके बाद परिवार को लगा कि इस प्रतिभा को प्रोत्साहन मिलना चाहिए और उन्होंने ‘इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ में प्रयास करने का निर्णय लिया।

‘इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ में ‘फास्टेस्ट किड टू रिकॉल ऑल गुजरात आरटीओ लोकेशन्स’ का रिकॉर्ड हासिल कर नीरव ने साबित किया कि सही दिशा और प्रोत्साहन मिले तो छोटी उम्र में भी बच्चे बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। नीरव की यह उपलब्धि उनके परिवार के साथ-साथ सूरत और पूरे गुजरात के लिए गर्व का क्षण है। उनकी प्रतिभा अन्य बच्चों और अभिभावकों के लिए भी प्रेरणा बन रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे